संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
निर्माणाधीन स्वामी आत्मानंद स्कूल से चोरी हुए 30 नग लोहे के सेट्रिंग प्लेट बरामद, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जप्ती जिला सक्ती। जिले के हसौद थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन स्वामी आत्मानंद स्कूल से लोहे की सेट्रिंग प्लेट चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 30 नग लोहे की सेट्रिंग प्लेट, जिनकी अनुमानित कीमत 24 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हसौद निवासी बंशी साहू के पिता स्वर्गीय भुवन साहू, उम्र 34 वर्ष, ने थाने में उपस्थित होकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम हसौद स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में नवीन भवन निर्माण के लिए छत निर्माण का कार्य चल रहा था। इसके लिए आवश्यक सेट्रिंग सामग्री निर्माणाधीन स्कूल के कमरे में रखी गई थी। कमरे में खिड़की और दरवाजा नहीं होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वहां रखी 30 नग लोहे की सेट्रिंग प्लेट चोरी कर ली थी।
शिकायत मिलने पर हसौद पुलिस ने अपराध क्रमांक 200/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चंद्रपुर (डभरा) सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में आरोपियों की पतासाजी के लिए टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को तलब कर पूछताछ की। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने चोरी की गई सभी 30 सेट्रिंग प्लेट बरामद कर लीं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं।
पुलिस ने इन छह आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में फिरत कुमार नागेश (25 वर्ष), रमेश कुमार साहू (22 वर्ष), रविशंकर बर्मन (32 वर्ष), सुभाष खूटे (22 वर्ष), रवि यादव (21 वर्ष) तथा कुमार सिंह चौहान (60 वर्ष) शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी हसौद थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि सुभाष खूटे धमननी क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक विंटन साहू, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक जयराम साहू, थाना प्रभारी हसौद सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।







