रतनपुर संवाददाता – विमल सोनी
रतनपुर (छत्तीसगढ़)। इस वर्ष दीपावली पर रतनपुर में एक नई परंपरा की शुरुआत होने जा रही है। नगर में हर साल लगने वाला पटाखों का बाजार अब अपने पुराने स्थल से बदलकर नए स्थान — महामाया मंदिर के विशाल पार्किंग मैदान पर सजेगा।
इस संबंध में स्थानीय पटाखा व्यवसायी संघ, नगर के जनप्रतिनिधि, प्रभुत्वजन एवं गणमान्य नागरिकों की आपसी सहमति से एक महत्वपूर्ण और निर्णायक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सुरक्षा, सुविधा और भीड़ प्रबंधन को देखते हुए पटाखा बाजार को नई जगह पर स्थापित किया जाए।
नई पहल को मिला सबका समर्थन –
नगर के कई प्रभुत्वजनों ने अपनी राय रखते हुए महामाया मंदिर पार्किंग स्थल को सबसे उपयुक्त बताया। इस प्रस्ताव पर महामाया मंदिर ट्रस्ट ने भी अपनी सहमति जताते हुए मैदान उपलब्ध कराने पर हामी भरी है। दुकान संचालकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह नगर के लिए एक नई और सुरक्षित व्यवस्था होगी।
प्रशासन के पुख्ता इंतजाम –
दीपावली को देखते हुए प्रशासन ने भी कमर कस ली है। नए स्थल पर फायर ब्रिगेड की तैनाती, पुलिस की पैनी नजर, सुरक्षा बैरिकेडिंग, पार्किंग और आने-जाने के लिए अलग रास्ते की व्यवस्था की जा रही है। ताकि खरीदारी करने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कोई अप्रिय घटना न हो।
पटाखा व्यवसायियों ने बताया कि नई जगह अधिक खुली और हवादार है, जिससे सुरक्षा मानकों का पालन आसानी से हो सकेगा। साथ ही ग्राहकों के लिए वाहन पार्किंग की भी पर्याप्त जगह मिलेगी।
नगरवासियों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और कहा है कि महामाया मंदिर परिसर में बाजार लगने से दीपावली की रौनक और भी बढ़ जाएगी।







