देश में डिजिटल पेमेंट ने अक्टूबर में नया रिकॉर्ड बनाया है। यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए महीनेभर में 25.47 अरब यानी 2,547 करोड़ ट्रांजैक्शन हुए। इनकी कुल वैल्यू 31.53 लाख करोड़ रुपए रही। खास बात यह है कि पहली बार UPI के जरिए रोजाना औसतन 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का पेमेंट हुआ।
अक्टूबर में हर दिन औसतन 82.2 करोड़ ट्रांजैक्शन दर्ज किए गए। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के आंकड़ों के मुताबिक, फेस्टिव सीजन में खरीदारी बढ़ने के साथ डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल भी बढ़ा है।
अक्टूबर में UPI के जरिए कुल 31.53 लाख करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ। यह पहली बार है, जब किसी एक महीने में UPI ट्रांजैक्शन की कुल वैल्यू 30 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंची है। इससे पहले सितंबर में 29.37 लाख करोड़ रुपए के ट्रांजैक्शन हुए थे। यानी एक महीने में पेमेंट की कुल वैल्यू करीब 7.4% बढ़ी है।
ट्रांजैक्शन की संख्या में भी नया रिकॉर्ड बना। अक्टूबर में 25.47 अरब ट्रांजैक्शन हुए, जबकि सितंबर में यह आंकड़ा 24.07 अरब था। इस तरह एक महीने में ट्रांजैक्शन की संख्या करीब 5.8% बढ़ी।
अक्टूबर में UPI के जरिए रोजाना औसतन 1,01,707 करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ। यह पहली बार है, जब रोजाना औसत पेमेंट 1 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंचा है। इससे पहले सितंबर में रोजाना औसतन 97,913 करोड़ रुपए के ट्रांजैक्शन हुए थे।
वहीं, रोजाना ट्रांजैक्शन की औसत संख्या भी सितंबर के 80.2 करोड़ से बढ़कर अक्टूबर में 82.2 करोड़ हो गई। यानी देश में हर दिन बड़ी संख्या में लोग UPI के जरिए पैसे भेज रहे हैं और पेमेंट कर रहे हैं।







