एमसीबी संवाददाता – हनुमान प्रसाद यादव
विधायक रेणुका सिंह ने किया शुभारंभ, 22 से अधिक विभागीय स्टॉलों में दिखी विकास की झलक
लोकनृत्य, गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन
एमसीबी/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनेन्द्रगढ़ के स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ की थीम पर आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली विद्यार्थियों, कलाकारों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।

26 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ: रेणुका सिंह
मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में गठित छत्तीसगढ़ ने बीते 26 वर्षों में विकास की नई पहचान बनाई है। राज्य का बजट लगभग 5 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2026-27 में 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प साकार करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। इस दौरान उन्होंने चिरमिरी-नागपुर रेललाइन, और जिले में सड़क एवं आवास निर्माण की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।


विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 22 से अधिक स्टॉलों में शासन की योजनाओं, उपलब्धियों एवं नवाचारों का प्रदर्शन किया गया। विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े के साथ स्टॉलों का निरीक्षण कर जानकारी ली। इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को श्रमिक पंजीयन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मोटराइज्ड साइकिल, व्हीलचेयर, वनाधिकार पट्टा, स्वच्छता किट, आइस बॉक्स एवं मछली पकड़ने के जाल सहित विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया गया।
कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने स्वागत उद्बोधन में जिले की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 2022 में एमसीबी जिले के गठन के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क, पर्यटन एवं आजीविका के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हुई है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार से जोड़ने को प्राथमिकता बताते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी की सहभागिता का आह्वान किया।
लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या में स्कूली विद्यार्थियों ने सुआ, करमा सहित पारंपरिक लोक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। मुंबई से आईं गुरशीत कौर की गजल, रायपुर के राहुल ठाकुर के फिल्मी गीत तथा दामिनी पुरी के सितार वादन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। छत्तीसगढ़ी गायक एवं जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। नेत्रहीन विद्यालय के बच्चों के सामूहिक गीत को दर्शकों ने खूब सराहा। कलाकारों एवं प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, चिरमिरी महापौर रामनरेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा सरजू यादव सहित विभिन्न नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंकिता सोम, अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता डोंगरे, लिंगराज सिदार, एसडीएम शशि शेखर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।







