Home चर्चा में सीपेट रायपुर में अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को मिलेगा निःशुल्क कौशल...

सीपेट रायपुर में अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को मिलेगा निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण, 16 नवंबर तक करें आवेदन

16
0

रायपुर। बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीपेट), रायपुर द्वारा निःशुल्क आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (NSFDC), नई दिल्ली के सौजन्य से प्रायोजित है। इसके तहत अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र उम्मीदवारों को निःशुल्क रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

वरिष्ठ कैरियर मार्गदर्शक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मशीन ऑपरेटर एवं प्रोग्रामर (CNC मिलिंग) पाठ्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसकी अवधि चार माह निर्धारित की गई है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को तकनीकी कौशल प्रदान कर रोजगार के योग्य बनाया जाएगा।

ये हैं प्रशिक्षण के लिए आवश्यक योग्यताएं

प्रशिक्षण में प्रवेश के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के तहत निम्नलिखित में से कोई एक योग्यता आवश्यक है:

  • 12वीं कक्षा उत्तीर्ण अथवा समकक्ष।
  • 10वीं कक्षा उत्तीर्ण एवं दो वर्ष का प्रासंगिक अनुभव।
  • 11वीं कक्षा उत्तीर्ण एवं डेढ़ वर्ष का प्रासंगिक अनुभव।

प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की न्यूनतम 80 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी।

प्रशिक्षण के साथ आवास और भोजन भी निःशुल्क

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की विशेषता यह है कि चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण के दौरान किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। प्रशिक्षण के साथ आवास, भोजन, प्रशिक्षण सामग्री तथा यूनिफॉर्म (गणवेश) भी निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

16 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन

इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार निर्धारित आवेदन पत्र के साथ अपने आवश्यक दस्तावेजों की पीडीएफ बनाकर निर्धारित ईमेल अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन के साथ 10वीं एवं 12वीं की अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो एवं राशन कार्ड संलग्न करना आवश्यक होगा।

आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 16 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। काउंसिलिंग के समय अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे। काउंसिलिंग में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता (TA) प्रदान नहीं किया जाएगा।

अधिक जानकारी एवं संपर्क

इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी एवं आवेदन संबंधी मार्गदर्शन के लिए सीपेट संस्थान, उरकुरा रेलवे स्टेशन के पास, रायपुर में संपर्क कर सकते हैं।

व्हाट्सएप संपर्क: 6264388869

डॉ. चंद्रशेखर खरे ने पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर वे रोजगार एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here