बीजापुर। जिले के भद्राकाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रैगुड़ा के जंगल में मुर्गा लड़ाई की आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध जुआ संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 156 लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके से 20 लाख 1 हजार 200 रुपये नकद, 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
मुर्गा लड़ाई पर लगाया जा रहा था पैसों का दांव
पुलिस के अनुसार, ग्राम रैगुड़ा के जंगल में मुर्गा बाजार के दौरान मुर्गा लड़ाई की आड़ में रुपये-पैसों का दांव लगाकर अवैध रूप से जुआ खिलाया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक बीजापुर श्री उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई को अंजाम दिया।

20 लाख नकद, 47 चारपहिया वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकदी और अन्य सामान जब्त किया। जब्त सामग्री में शामिल हैं:
- नगद राशि – ₹20,01,200
- चारपहिया वाहन – 47 नग
- मोबाइल फोन – 12 नग
156 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने पकड़े गए 156 व्यक्तियों के विरुद्ध थाना भद्राकाली में अपराध क्रमांक 06/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) एवं सार्वजनिक द्यूत अधिनियम की धारा 4 और 13 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।







