संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
बिलासपुर, 4 नवंबर 2026/ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मेरा युवा भारत, बिलासपुर द्वारा 3 नवंबर को जेपी वर्मा महाविद्यालय में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद 2026-27’ एवं ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माय भारत पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। युवा संसद प्रतियोगिता में अभय शुक्ला ने प्रथम, प्रशंसा पांडे ने द्वितीय और राजलक्ष्मी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में ‘अपने वोट को जानें’ विषय पर युवा संवाद आयोजित किया गया। प्रतिभागियों ने मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक सहभागिता और नागरिकों की भूमिका पर विचार साझा किए। उपस्थित युवाओं एवं अतिथियों ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने की शपथ ली। इसके बाद युवा संसद में प्रतिभागियों ने ‘एक राष्ट्र–एक चुनाव’ विषय पर अपने तर्क एवं विचार प्रस्तुत किए।

मेरा युवा भारत के उपनिदेशक श्री नितिन कुमार शर्मा ने युवा संसद की संरचना एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश दुबे ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। युवा संवाद में यूथ आइकन के रूप में प्रशंसा पांडे तथा स्पोर्ट्स आइकन के रूप में यश कुमार एवं गजेंद्र ठाकुर ने युवाओं से संवाद किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रोफेसर राजेंद्र मेहता, पूर्व जिला युवा समन्वयक श्री राकेश शर्मा, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक श्री मनोज सिन्हा, डॉ. कांति अंचल एवं श्रीमती माया यादव शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में श्री मोहनलाल सोनी ने आभार व्यक्त किया।आयोजन में माय भारत के स्वयंसेवक शारदा श्रीवास, हनी गुप्ता एवं अंबुज द्विवेदी ने सक्रिय सहयोग दिया। इस अवसर पर युवा प्रतिभागी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।







