Home चर्चा में कुसमुंदद में 10 नवंबर को माता-पिता की वंदना और ग्रामीण प्रतिभाओं का...

कुसमुंदद में 10 नवंबर को माता-पिता की वंदना और ग्रामीण प्रतिभाओं का होगा गौरव गान सम्मान

57
0

आरंग-, ग्राम कुसमुंद में

माता-पिता के त्याग, तपस्या और संस्कारों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने तथा ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को ससम्मान मंच प्रदान कर नई पीढ़ी को प्रेरित करने के लिए आरंग क्षेत्र के कुसमुंद गांव में एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। व्याख्याता (रसायन शास्त्र) डॉ. बेदलाल साहू एवं उनके परिवार के आतिथ्य व ‘शिक्षा संकल्प विकास समिति छत्तीसगढ़’ के तत्वावधान में 10 नवंबर को ‘माता-पिता चरण वंदन एवं गांव गौरव सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह पूरा अनुष्ठान स्व. श्रीमती देवकुंवर एवं घसिया राम साहू की स्मृति को समर्पित है।मंगलवार को शाम 4 बजे से स्थानीय बरगुडी चौक पर मुख्य समारोह का आगाज होगा। इस दौरान ग्राम कुसमुंद में निवास करने वाले 75 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वर्गों के 37 वरिष्ठ नागरिकों का चरण वंदन, पाद-धोवन और विधि-विधान से पूजन कर आशीर्वाद लिया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, प्रशासनिक सेवा, पुलिस, कृषि, व्यवसाय, कला और सामाजिक क्षेत्र में अपनी मेहनत के बूते उल्लेखनीय मुकाम हासिल करने वाले 30 प्रतिभावान व्यक्तित्वों को सार्वजनिक मंच से ‘गांव गौरव सम्मान’ से नवाजा जाएगा।इस गरिमामयी समारोह की महत्ता बढ़ाने के लिए प्रशासनिक और कला जगत के कई दिग्गज शिरकत करेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के एनएआई के सहायक निदेशक डॉ. एस.एल. साहू होंगे। अध्यक्षता मंत्रालय नया रायपुर के डिप्टी कलेक्टर प्रेमु लाल साहू करेंगे, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रशिक्षु डीएसपी निशा ठाकुर उपस्थित रहेंगी। इनके अलावा नायब तहसीलदार ईश्वर प्रसाद निषाद, सिविल इंजीनियर सेवक साहू, पटवारी संत राम साहू सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। समारोह के दौरान गंगा साहू द्वारा रचित और स्वरबद्ध संगीतमयी लोकगीत प्रस्तुति ‘लोक बयार राजा मोरध्वज नगरी, आरंग’ माटी की सोंधी खुशबू बिखेरेगी, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगी।डॉ. बेदलाल साहू की इस पहल को आधुनिक चकाचौंध के बीच बुजुर्गों के प्रति आदरभाव की परंपरा को जीवंत रखने और ग्रामीण प्रतिभाओं का मनोबल बढ़ाने की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है। आयोजक परिवार ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों, प्रबुद्धजनों और युवाओं से अपील की है कि वे इस अनूठे संस्कारोत्सव में भारी संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here