Home बस्तर दीपावली की भीड़ में 90 लाख के सोने के झुमकों की चोरी,...

दीपावली की भीड़ में 90 लाख के सोने के झुमकों की चोरी, महिला ने बच्ची से दिलवाया वारदात को अंजाम; CCTV में कैद हुई घटना

10
0

जगदलपुर। दीपावली के त्योहार पर सराफा बाजार में बढ़ी भीड़ के बीच जगदलपुर में सोने के झुमकों की बड़ी उठाईगिरी का मामला सामने आया है। संजय मार्केट के पास स्थित मोती ज्वेलर्स से एक महिला करीब 1200 ग्राम सोने के झुमकों से भरा डिब्बा लेकर फरार हो गई। चोरी हुए सोने की कीमत करीब 80 से 90 लाख रुपये बताई जा रही है। महिला ने इस वारदात में अपने साथ आई एक बच्ची की मदद ली। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। उस समय दुकान में दीपावली की खरीदारी के लिए ग्राहकों की आवाजाही थी। इसी दौरान एक महिला दुकान में मौजूद थी। उसने पहले आसपास नजर दौड़ाई और फिर मौका मिलते ही सोने के झुमकों से भरा डिब्बा उठा लिया। इसके बाद उसने डिब्बा अपने साथ आई बच्ची को पकड़ा दिया। बच्ची ने उसे अपने झोले में रख लिया। कुछ ही देर में महिला और बच्ची दुकान से बाहर निकल गईं।

कुछ समय बाद जब दुकान में सोने का डिब्बा नहीं मिला तो संचालकों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी डिब्बे का पता नहीं चलने पर दुकान के CCTV फुटेज चेक किए गए। फुटेज में महिला की पूरी गतिविधि सामने आई। इसमें वह पहले आसपास देखती है और फिर झुमकों से भरा डिब्बा उठाकर बच्ची को देती नजर आ रही है।

इसके बाद दुकान संचालकों ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। महिला और बच्ची की पहचान करने के साथ ही उनके दुकान तक पहुंचने और वहां से निकलने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here