Home चर्चा में जन आरोग्य समिति सदस्यों को दिया गया एक दिवसीय प्रशिक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं...

जन आरोग्य समिति सदस्यों को दिया गया एक दिवसीय प्रशिक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और जनभागीदारी पर दिया जोर

9
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
समिति सदस्यों को उनकी भूमिका, जिम्मेदारियों एवं अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक, सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने का लिया संकल्प
 जिला सक्ती । जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बघौद के पंचायत भवन में 13 नवंबर 2026 को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के अंतर्गत जन आरोग्य समिति (JAS) के सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत बघौद एवं कोमो की जन आरोग्य समितियों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
*प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जन आरोग्य समिति के सदस्यों को स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, निगरानी, प्रबंधन एवं सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक और सक्षम बनाना था। इस दौरान सदस्यों को समिति की संरचना, भूमिका, जिम्मेदारियों, कार्यप्रणाली, नियमित बैठकों के आयोजन तथा
अप्रतिबंधित निधि के पारदर्शी एवं उचित उपयोग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक (DC) श्रीमती सुमन चौधरी विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने प्रशिक्षण मार्गदर्शिका के आधार पर समूह चर्चा एवं केस स्टडी के माध्यम से समिति के कार्यों और दायित्वों को सरल तरीके से समझाया। उन्होंने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी, ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान तथा उनके निराकरण में जन आरोग्य समिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने जनसंवाद एवं आरोग्य सभा के माध्यम से अधिक से अधिक ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सदस्यों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को समझकर सामूहिक प्रयासों से समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर SPS शारदा देवी निषाद ने कहा कि जन आरोग्य समिति स्वास्थ्य विभाग और समुदाय के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। समिति के सक्रिय एवं जिम्मेदार प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत किया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समिति के सदस्यों की सक्रिय सहभागिता बेहद आवश्यक है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ट्रेनर एसपीएस शारदा देवी निषाद, M T सुमन चौहान, MT लता साहू सहित सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानिन एवं दोनों ग्रामों के जन आरोग्य समिति सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने-अपने क्षेत्र में व्यवहार में लाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here