-धान खरीदी शुरू होने से किसानों में उत्साह, जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं; किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर दिया जोर
करतला/लबेद। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही करतला विकासखंड के लबेद धान खरीदी केंद्र में भी उत्साहपूर्ण माहौल में खरीदी का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर किसान रामदास ने अपनी उपज का 50 क्विंटल धान बेचकर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की। धान खरीदी प्रारंभ होने से लबेद सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष मनोज झा शामिल हुए। उनके साथ जनपद सदस्य देवी बाई राजवाड़े, सतीश राठौर, पीयूष गुरुद्वान, पी.आर. उप पंजीयक, एच. कर चौहान अधिकारी, राकेश सुमित फोटो गिरी, लबेद सरपंच सम्मे सिदार, सूपातराई सरपंच ज्ञान सिंह, किसान रामदास, महंत चरण दास महंत एवं मोहित मैत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष मनोज झा ने कहा कि धान खरीदी का शुभारंभ किसानों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है। किसान अपनी मेहनत और लगन से पूरे वर्ष फसल तैयार करते हैं, ऐसे में उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था किसानों के हितों को ध्यान में रखकर सुचारू रूप से संचालित होनी चाहिए। खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यह हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि किसान खुशहाल होंगे तो गांव खुशहाल होंगे और गांवों की समृद्धि से ही प्रदेश का विकास मजबूत होगा। किसानों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी किसान भाइयों को धान खरीदी के नए सीजन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए खरीदी कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी किसानों को धान खरीदी सीजन की शुभकामनाएं दीं और सफल एवं सुचारु खरीदी की कामना की। लबेद धान खरीदी केंद्र में खरीदी प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल है।







