आरंग। कहते हैं कि यदि मन में कुछ कर गुजरने का दृढ़ संकल्प हो, मेहनत करने का जज्बा हो और लक्ष्य को पाने की सच्ची लगन हो, तो कोई भी मंजिल असंभव नहीं होती। इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है आरंग विकासखंड के छोटे से गांव चपरीद के होनहार युवा *गुलशन कुमार मानिकपुरी* ने, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर इंडिगो एयरलाइंस में पायलट बनकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव, क्षेत्र और आरंग विधानसभा को गौरवान्वित किया है।
श्रीमती भोगेश्वरी एवं श्री गिरीश मानिकपुरी के सुपुत्र गुलशन कुमार मानिकपुरी की यह सफलता किसी एक दिन की उपलब्धि नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष, त्याग, समर्पण और अथक परिश्रम का परिणाम है। एक सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर देश की प्रतिष्ठित विमानन सेवा इंडिगो एयरलाइंस में पायलट बनने तक का उनका सफर आज क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई से पायलट बनने तक का कठिन सफर
अपनी इस उपलब्धि के संबंध में मीडिया से चर्चा करते हुए गुलशन कुमार मानिकपुरी ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में हिंदुस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस, चेन्नई से बीटेक (एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग) की पढ़ाई पूरी की। इसके पश्चात उन्होंने डीजीसीए (डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) की निर्धारित परीक्षाएं उत्तीर्ण कीं तथा पायलट बनने की दिशा में अपने अगले कदम बढ़ाए।
उन्होंने निर्धारित फ्लाइंग ट्रेनिंग के अंतर्गत 200 घंटे की उड़ान प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी की और आवश्यक मानकों को पूरा करने के बाद कमर्शियल पायलट लाइसेंस (सीपीएल) प्राप्त किया। इसके बाद उनका चयन इंडिगो एयरलाइंस में हुआ। इंडिगो एयरलाइंस में चयन के पश्चात उन्होंने एयरबस विमान उड़ाने के लिए आवश्यक टाइप रेटिंग प्रशिक्षण भी सफलतापूर्वक पूरा किया। इस प्रकार उनका वर्षों पुराना सपना साकार होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया।
माता-पिता के हाथों बेटे के कंधों पर सजा सफलता का बैज, भावुक हुआ परिवार
गुलशन मानिकपुरी की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि का विशेष और यादगार क्षण बीते दिनों गुरुग्राम स्थित इंडिगो ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित समारोह के दौरान देखने को मिला, जहां उनके माता-पिता श्रीमती भोगेश्वरी एवं श्री गिरीश मानिकपुरी ने अपने लाड़ले बेटे के कंधों पर पायलट के एपॉलेट्स बैज लगाकर उसे नई जिम्मेदारी और उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
माता-पिता के लिए यह पल वर्षों के त्याग, विश्वास और परिश्रम का सुखद परिणाम था। जिस बेटे को उन्होंने बेहतर भविष्य के सपनों के साथ आगे बढ़ाया, उसे पायलट की वर्दी में देखकर परिवार ने गर्व और खुशी के अविस्मरणीय क्षण महसूस किए।
किताबों से शुरू हुआ सफर आज आसमान तक पहुंचा
गुलशन कुमार मानिकपुरी ने अपने संघर्षपूर्ण सफर को साझा करते हुए कहा कि किताबों से शुरू हुआ यह सफर आज आसमान तक पहुंच गया है। इस यात्रा में कभी पढ़ाई की चुनौतियां सामने आईं, तो कभी आर्थिक परिस्थितियों ने कठिन परीक्षा ली। कई बार खुद पर विश्वास बनाए रखना भी चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन उन्होंने कभी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया।
उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली हर मुश्किल ने उन्हें कुछ नया सिखाया और हर संघर्ष ने उन्हें अपनी मंजिल के और करीब पहुंचाया। आज पायलट की वर्दी पहनने का सपना साकार होना उनके वर्षों के परिश्रम, धैर्य और आत्मविश्वास का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि अब वह जल्द ही कोलकाता एयरपोर्ट से अपनी पहली उड़ान भरेंगे। यह उनके जीवन का बेहद खास और भावुक क्षण होगा, क्योंकि कभी अपने गांव और घर से आसमान में उड़ते विमानों को देखकर उन्होंने भी एक दिन विमान उड़ाने का सपना संजोया था। आज उसी सपने को हकीकत में बदलने का अवसर उनके सामने है।
सफलता के पीछे परिवार का त्याग और विश्वास सबसे बड़ी ताकत
गुलशन कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं परिवारजनों को देते हुए कहा कि आज उनका जो सपना साकार हो रहा है, उसे पूरा करने में परिवार का बहुत बड़ा त्याग, सहयोग और परिश्रम रहा है। परिवार ने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया, उन पर विश्वास बनाए रखा और कठिन समय में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार के सपनों और वर्षों की मेहनत का परिणाम है।
गांव से आसमान तक पहुंची सफलता, युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
आरंग ब्लॉक के ग्राम चपरीद जैसे छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित एयरलाइंस में पायलट बनना इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संपन्न परिवार की मोहताज नहीं होती। सही दिशा, निरंतर मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और परिवार के सहयोग से गांव का युवा भी अपने सपनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।
गुलशन मानिकपुरी की यह उपलब्धि चपरीद गांव सहित पूरे आरंग क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदार हों तो सफलता अवश्य कदम चूमती है।
गुलशन कुमार मानिकपुरी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर परिवारजनों, ग्रामवासियों एवं क्षेत्र के शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की है कि वे अपनी प्रतिभा, मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा से विमानन क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे तथा अपने गांव, क्षेत्र और छत्तीसगढ़ का नाम देश-विदेश में रोशन करेंगे।







