विमल सोनी/रतनपुर। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर रतनपुर स्थित श्री पंडरीनाथ मंदिर में शुक्रवार सुबह पारंपरिक कांकड़ा आरती के साथ भगवान पंडरीनाथ को जगाया गया। इस दौरान मंदिर में भक्तिमय माहौल रहा और भगवान विठ्ठल के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
मंदिर की वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार मुख्य पुजारी आनंद नगरकर, अनिरुद्ध नगरकर, नगरकर परिवार और नगरवासियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कार्तिक मास के अवसर पर निकाली गई दिंडी यात्रा में टाळ, भजन और हरिनाम संकीर्तन ने पूरे नगर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
159 वर्षों से कायम है आस्था और परंपरा
रतनपुर के श्री पंडरीनाथ मंदिर का इतिहास और यहां की धार्मिक परंपराएं विशेष महत्व रखती हैं। मंदिर की स्थापना के 159 वर्ष पूरे हो चुके हैं। वहीं पुराने रिकॉर्ड और नगरकर परिवार की परंपरा में संवत 1725 का उल्लेख मिलता है। इसी काल से पंडरीनाथ की पूजा, कांकड़ा आरती और दिंडी यात्रा की परंपरा चले आने की बात कही जाती है।
पंडरीनाथ को पंढरपुर के भगवान विठ्ठल का स्वरूप माना जाता है। मान्यता के अनुसार भगवान विठ्ठल भक्त पुंडलिक की माता-पिता के प्रति सेवा और भक्ति से प्रसन्न होकर ईंट पर खड़े हुए थे। इसी वजह से उन्हें विठ्ठल कहा जाता है। रतनपुर स्थित यह मंदिर भी वारकरी संप्रदाय की भक्ति परंपरा से जुड़ी आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।
देवउठनी एकादशी से शुरू होते हैं मांगलिक कार्य
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा के बाद देवउठनी एकादशी पर जागते हैं। इसी के साथ विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। कार्तिक मास और एकादशी के अवसर पर भगवान के दर्शन एवं पूजा-अर्चना का विशेष महत्व माना जाता है।
भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ नगर
दिंडी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने टाळ और भजनों के साथ हरिनाम संकीर्तन किया। ‘ज्ञानोबा-तुकाराम’ के जयघोष से रतनपुर का वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान पंडरीनाथ के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
करीब 159 वर्षों से चली आ रही यह धार्मिक परंपरा आज भी नगरकर परिवार और नगरवासियों की श्रद्धा के साथ जीवंत है। पीढ़ियां बदल गईं, लेकिन कांकड़ा आरती, पूजा और दिंडी यात्रा के प्रति लोगों की आस्था आज भी बरकरार है।







