Home चर्चा में क्रिकेट के मैदान में भी छाईं लखपति दीदियां, शिक्षा विभाग चैंपियंस को...

क्रिकेट के मैदान में भी छाईं लखपति दीदियां, शिक्षा विभाग चैंपियंस को हराकर बनीं विजेता

4
0

गौरेला पेंड्रा मरवाही। जिले में आयोजित डिपार्टमेंटल प्रीमियर लीग (DPL-3) के फाइनल मुकाबले के दौरान महिला सशक्तिकरण और खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लखपति दीदी एवं शिक्षा विभाग चैंपियंस महिला टीम के बीच एक विशेष क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस रोमांचक मुकाबले में बिहान राइजर लखपति दीदी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा विभाग चैंपियंस महिला टीम को पराजित कर जीत हासिल की।

शिक्षा मैत्री समूह द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में DMMU NRLM GPM की बिहान राइजर लखपति दीदी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 5 ओवर में 41 रन बनाए तथा शिक्षा विभाग की टीम को 42 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिक्षा विभाग चैंपियंस की टीम को लखपति दीदियों ने अपने खेल प्रदर्शन से पीछे छोड़ते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

उल्लेखनीय है कि बिहान राइजर लखपति दीदी टीम में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी वे महिलाएं शामिल थीं, जिन्होंने पहली बार क्रिकेट के मैदान में उतरकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टीम को मात्र 3 से 4 दिनों के अल्प प्रशिक्षण में तैयार किया गया था। इसके बावजूद महिलाओं ने अनुभवी शिक्षा विभाग की महिला टीम को हराकर यह साबित कर दिया कि अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर महिलाएं किसी भी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं।

प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा लगातार लखपति दीदी पहल को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी दिशा में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुकेश रावटे के निर्देशन में जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं, वित्तीय समावेशन एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। महिलाओं को कम से कम 5 से 6 आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी वार्षिक आय में वृद्धि के प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला मिशन प्रबंधक NRLM श्री दुर्गा शंकर सोनी ने बताया कि जिले में मार्च 2026 तक 18,237 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। आगामी वर्षों में 33,000 से अधिक स्व-सहायता समूह की महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस क्रिकेट टीम को तैयार करने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें श्री दिनेश सिंह दाऊ, श्री अभिषेक जायसवाल(ऑनर) एवं श्री लोकेश कहरा का विशेष योगदान रहा।

इस पूरे मुकाबले का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण किया गया, जिसे हजारों लोगों ने ऑनलाइन देखा। यह आयोजन केवल एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, सहभागिता और बदलती सामाजिक भूमिका का प्रतीक बना। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने आजीविका के साथ-साथ खेल के मैदान में भी अपनी पहचान बनाई और यह संदेश दिया कि महिलाएं समाज के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़कर सफलता हासिल कर सकती हैं।

लखपति दीदियों की यह जीत महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में यादगार रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here