Home चर्चा में बाबा घासीदास की धरती पर समरसता को चुनौती! कांग्रेस नेता अंकित गौरहा...

बाबा घासीदास की धरती पर समरसता को चुनौती! कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने कहाँ, बेलतरा में सड़क चौड़ीकरण की जद में छात्रावास,भू-माफियाओं के अतिक्रमण पर खामोशी क्यों.?

4
0
रतनपुर संवाददाता – विमल सोनी
बेलतरा -:- बाबा गुरु घासीदास की धरती पर सामाजिक समरसता और समानता की बातें खूब होती हैं,लेकिन बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर सामने आ रही तस्वीर व्यवस्था की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करती है। सड़क चौड़ीकरण के लिए बाबा गुरु घासीदास अनुसूचित जाति छात्रावास की जमीन और बाउंड्रीवॉल प्रभावित होने की नौबत है। दूसरी तरफ सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण और भू-माफियाओं की गतिविधियों को लेकर कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सभापति अंकित गौरहा ने इस पूरे मामले में सरकार,स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक व्यवस्था की जवाबदेही पर सवाल उठाए हैं।
जिस छात्रावास ने संवारे भविष्य,उसी पर संकट.?
गौरहा ने कहा कि चांटीडीह स्थित साइंस कॉलेज के सामने से सब्जी मंडी तक सड़क चौड़ीकरण के नाम पर अनुसूचित जाति छात्रावास और आदिवासी प्रशिक्षण केंद्र की करीब 20 फीट जमीन तथा बाउंड्रीवॉल प्रभावित करने की तैयारी की गई। छात्रावास के विद्यार्थियों ने तीन दिन पहले जिला प्रशासन के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने सीमांकन का आदेश जारी किया और अब सीमांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस पूरे घटनाक्रम से विद्यार्थियों में भारी नाराजगी है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब जमीन की सीमा और छात्रावास की सुरक्षा को लेकर विवाद था, तो पहले निष्पक्ष सीमांकन कराने के बजाय निर्माण कार्य में जल्दबाजी क्यों दिखाई गई? यह कोई सामान्य सरकारी भवन नहीं है। यहां अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थी रहकर शिक्षा प्राप्त करते हैं। इस छात्रावास से पढ़कर निकले कई विद्यार्थी लोक सेवा आयोग में चयनित होकर शासन-प्रशासन के महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचे हैं। ऐसे संस्थान वंचित परिवारों के बच्चों के सपनों को आकार देते हैं। जिन बच्चों को शिक्षा के जरिए आगे बढ़ाने की बात सरकार करती है, उन्हीं के छात्रावास की सुरक्षा पर सवाल खड़े होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
कार्रवाई की तत्परता,अतिक्रमण पर खामोशी ?
गौरहा ने कहा कि ठंड के इस मौसम में छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा और निजता भी महत्वपूर्ण है। सड़क चौड़ीकरण जरूरी है, लेकिन क्या इसकी कीमत विद्यार्थियों के सुरक्षित परिसर से चुकाई जाएगी? जब आसपास की जमीनों पर अतिक्रमण की शिकायतें हैं, तब पहले उन मामलों की निष्पक्ष जांच और सीमांकन क्यों नहीं कराया जाता? रसूखदारों के कब्जों पर कार्रवाई के बजाय छात्रावास की बाउंड्रीवॉल प्रभावित करने की तैयारी किस तरह का न्याय है?
उन्होंने कहा कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम इलाकों में मंगल चौक से दीनदयाल कॉलोनी,अशोक नगर से बिरकोना, चांटीडीह चौक से डीएलएस कॉलेज,सेंदरी से मोपका बाइपास,राजकिशोर नगर चौक से छठ घाट और साइंस कॉलेज से सब्जी मंडी तक की सड़कें लंबे समय से बदहाली झेल रही हैं। कहीं सड़कें जर्जर हैं,कहीं निर्माण अधूरे हैं और कहीं स्वीकृत कार्य शुरू होने का इंतजार है। इसके बावजूद निर्माण कार्यों में निजी हितों को लेकर सड़क की दिशा बदलने और प्रस्तावित चौड़ाई कम करने जैसी शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
जनता के धन की जवाबदेही कौन लेगा?
गौरहा ने कहा कि छात्रावास की जमीन और बाउंड्रीवॉल प्रभावित करने से पहले विधिवत सीमांकन होना चाहिए था। यदि सीमांकन में निर्माण की जगह या प्रक्रिया गलत पाई जाती है,तो सरकारी धन के नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा? निर्माण एजेंसी,संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने या सार्वजनिक धन के गलत इस्तेमाल की स्थिति में जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विकास का मतलब केवल सड़क चौड़ी करना या भूमिपूजन करना नहीं है। विकास का अर्थ जनता को अच्छी सड़कें देना, सरकारी जमीनों की रक्षा करना और विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित रखना भी है। सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को इस मामले में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। बाबा गुरु घासीदास की धरती पर समरसता की बात तभी सार्थक होगी, जब वंचित वर्ग के बच्चों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा भी प्राथमिकता बनेगी।
गौरहा ने कहा कि छात्रावास की जमीन का सीमांकन शुरू होना स्वागतयोग्य है। उम्मीद है कि इस प्रक्रिया का परिणाम विद्यार्थियों के हित में आएगा और छात्रावास की जमीन, बाउंड्रीवॉल तथा वहां रहने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। साथ ही सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ भी निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सीमांकन के बाद भी छात्रहित और सरकारी संपत्ति की अनदेखी हुई तथा अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई,तो कांग्रेस बेलतरा वासियों के साथ मुद्दे पर आंदोलन करेगी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here