बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
बीजापुर 26 नवंबर 2026/जिले के रानी बोदली गांव इतिहास के एक ऐसे दर्दनाक अध्याय का गवाह रहा है, जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सके। इसी गांव में नक्सलियों ने जवानों के कैंप को घेरकर आग लगा दी थी। उस भयावह हमले में कई जवान शहीद हुए थे। उस घटना की याद आज भी लोगों के जेहन में है।
लेकिन वक्त के साथ रानी बोदली की तस्वीर बदल रही है। नक्सलवाद समाप्ति के बाद आज इसी गांव में एक नई कहानी लिखी जा रही है। यह कहानी है युवाओं के उम्मीद भरी उड़ान की, हुनर से आत्मनिर्भर बनने के सपनों की।
ग्राम पंचायत रानी बोदली में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान ( RSETI) के माध्यम से नवीन प्राथमिक शाला – रानीबोदली में युवाओं के लिए पूरे 30 दिनों का राजमिस्त्री प्रशिक्षण आयोजित किया गया। ताकि युवा अपने गांव में ही रहकर बिना किसी बाधा के प्रशिक्षण पूरा कर सके। इस प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत रानीबोदली के 30 युवाओं ने भाग लिया। एक महीने तक चले इस प्रशिक्षण में युवाओं ने केवल किताबी जानकारी नहीं ली, बल्कि अपने हाथों से निर्माण कार्य के गुण भी सीखे।
प्रशिक्षण के दौरान उन्हें दीवार की जोड़ाई करना, ईंटों को सही तरीके से जमाना, मसाला तैयार करना, दीवार की सीध एवं माप का ध्यान रखना, सेंटरिंग करना तथा छत ढलाई जैसे निर्माण कार्यों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
इस पहल को लेकर ग्राम पंचायत रानीबोदली के सरपंच श्रीमती पार्वती मिच्चा बताती हैं कि ग्राम पंचायत सहित आस पास के क्षेत्रों में लंबे समय से राजमिस्त्रियों की भारी कमी थी। कोई निर्माण कार्य कराने के लिए दूसरे क्षेत्र से मिस्त्री को लाना पड़ता था। इसीलिए राजमिस्त्री प्रशिक्षण के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों का चिन्हांकित करने पंचायत में सूचना जारी की और देखते ही देखते 30 युवाओं को प्रशिक्षण के लिए एकत्र कर लिया।
इस पहल की खास बात यह है कि प्रशिक्षण के बाद इन युवाओं के हुनर का उपयोग प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पंचायत क्षेत्र में स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास के निर्माण कार्यों में भी किया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर राजमिस्त्रियों की कमी दूर करने के साथ युवाओं को अपने ही गांव में काम के अवसर मिल सकेंगे।
सोचिए, एक तरफ पंचायत को अपने निर्माण कार्यों के लिए कुशल राजमिस्त्री मिलेंगे, तो दूसरी तरफ गांव के युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। यह पहल स्थानीय जरूरत और युवाओं के भविष्य, दोनों को एक साथ जोड़ती है।
आज प्रशिक्षण के समापन पर इन 30 युवाओं के हाथों में एक नया कौशल है और आंखों में अपने भविष्य को संवारने का सपना।
कभी इसी धरती ने हिंसा और विनाश का दर्द देखा था, आज इसी धरती के युवा अपने हाथों से घर बनाना और अपने भविष्य की नींव रखना सीख रहे हैं।







