दिग्गज टेक कंपनी IBM ने अपने कंसल्टिंग डिवीजन में ज्यादातर पदों के लिए H-1B वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद करने का फैसला किया है। इस फैसले से प्रभावित कर्मचारियों को अमेरिका से बाहर दूसरे देश में ट्रांसफर होने या कंपनी छोड़ने का ऑप्शन दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कर्मचारियों को इस पर फैसला लेने के लिए सिर्फ तीन हफ्ते का समय मिला है।
यह फैसला IBM कंसल्टिंग पर लागू होगा, जो कंपनी का सबसे बड़ा बिजनेस डिवीजन है। इसमें दुनियाभर में 1.5 लाख से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया है कि इस नीति से कुल कितने कर्मचारी प्रभावित होंगे और इनमें अमेरिका में काम करने वाले कितने लोग शामिल हैं। इस फैसले का सबसे ज्यादा असर उन विदेशी कर्मचारियों पर पड़ सकता है, जो H-1B वीजा के जरिए अमेरिका में काम कर रहे हैं या ग्रीन कार्ड मिलने का इंतजार कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या भारतीय प्रोफेशनल्स की भी हो सकती है, क्योंकि अमेरिका के टेक सेक्टर में भारतीय कर्मचारियों की मजबूत मौजूदगी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रभावित कर्मचारियों को तीन हफ्ते के अंदर यह बताना होगा कि वे अमेरिका से बाहर किसी दूसरे देश में नौकरी के लिए ट्रांसफर होना चाहते हैं या नहीं। जो कर्मचारी इस ऑप्शन को स्वीकार नहीं करेंगे, उन्हें कथित तौर पर तीन महीने की सैलरी के बराबर सेवरेंस पैकेज दिया जाएगा। रिपोर्ट्स में 31 दिसंबर 2026 को ऐसे कर्मचारियों का आखिरी वर्किंग डे बताया गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इस फैसले से कुल कितने लोगों की नौकरी प्रभावित होगी।
कंपनी के प्रवक्ता के मुताबिक, IBM पहले अमेरिका में स्किल्ड कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए हाई-स्किल वीजा प्रोग्राम का इस्तेमाल करती थी। लेकिन पिछले कई वर्षों से इस पर कंपनी की निर्भरता लगातार कम हो रही है। IBM का कहना है कि अब कर्मचारियों की उपलब्धता और ग्राहकों की जरूरतों में बदलाव आया है। इसी वजह से कंपनी ने IBM कंसल्टिंग में ज्यादातर पदों के लिए वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद करने का फैसला किया है।
H-1B वीजा अमेरिका में विदेशी पेशेवरों को काम करने की अनुमति देता है। वहीं, ग्रीन कार्ड के जरिए उन्हें वहां स्थायी रूप से रहने और काम करने का अधिकार मिलता है। इन दोनों प्रक्रियाओं में कई कर्मचारी अपने नियोक्ता की स्पॉन्सरशिप पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में IBM का फैसला प्रभावित कर्मचारियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। उन्हें दूसरे देश में नौकरी जारी रखने या कंपनी छोड़ने के बीच चुनाव करना पड़ सकता है। हालांकि, यह फैसला IBM कंसल्टिंग के ज्यादातर पदों पर लागू है, कंपनी के सभी कर्मचारियों पर नहीं।







