रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) स्टारर फिल्म रामायण के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है। फिल्म को मूल ग्रंथ से अलग बनाने का दावा करते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई है। हालांकि याचिकाकर्ता को उस समय झटका लगा, जब सीजेआई सूर्यकांत ने याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। नाराज सीजेआई ने कहा कि आपको दिक्कत है तो खुद फिल्म बना लें।
बता दें कि रामायण फिल्म को लेकर विवाद जारी है। हिंदू संगठन लगातार इस पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। हिंदू संगठन का आरोप है कि फिल्म में बहुत सी बातें मूल ग्रंथ से अलग दिखाई गई हैं। इसे लेकर याचिका दायर की गई है।
याचिकाकर्ता की अपील पर चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि यह फिल्म रिलीज हो चुकी है इसलिए तत्काल सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने साथ ही ये भी कहा कि आपके पास अगर कुछ अलग कहने को है तो आप खुद फिल्म बना सकते हैं।
विश्व हिंदू परिषद यानी वीएचपी (VHP) ने फिल्म के कथानक और किरदारों के चित्रण पर आपत्ति जताते हुए इसके प्रदर्शन पर तत्काल रोक की मांग की है। विहिप का आरोप है कि इस फिल्म में महर्षि वाल्मीकि की रामायण के मूल प्रसंगों से छेड़छाड़ की गई है। साथ ही फिल्म में ऐसी कई घटनाएं दिखाई गई हैं, जिनका मूल रामकथा में कोई आधार नहीं है।
विहिप के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने फिल्म पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इसमें भगवान राम और उनके परिवार के चरित्रों को हल्के अंदाज में दिखाया गया है। जबकि फिल्म में रावण का महिमामंडन करने की कोशिश की गई है। बागड़ा के मुताबिक अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह की मित्रता और केवट की भक्ति जैसे प्रसंग भगवान राम के चरित्र और उनकी सामाजिक स्वीकार्यता को समझने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, लेकिन फिल्म में इनका कोई जिक्र तक नहीं है।