-युवाओं एवं आम नागरिकों को फिटनेस, खेल संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली का मिलेगा संदेश
बीजापुर 27 नवंबर 2026/मेरा युवा भारत (MY Bharat), बीजापुर और जिला प्रशासन के तत्वावधान में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल के अंतर्गत रविवार, 29 नवंबर 2026 को ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ (Fit India Sundays on Cycle) के ऐतिहासिक 100वें संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बीजापुर में विशेष साइकिल रैली आयोजित कर युवाओं एवं आम नागरिकों को फिटनेस, खेल संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
जिले के युवाओं, युवा मंडलों, खेल प्रेमियों एवं आम नागरिकों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
ओलंपिक आंदोलन और भारत के भविष्य के ओलंपिक सपने को समर्पित 100वां संस्करण
इस बार संडेज ऑन साइकिल का 100वां संस्करण विशेष रूप से भारत में ओलंपिक आंदोलन को समर्पित है। इसका उद्देश्य भारत की खेल उत्कृष्टता का उत्सव मनाने के साथ भविष्य में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने की देश की आकांक्षा को जन-जन तक पहुंचाना है। इस संस्करण की थीम ओलंपिक के तीन मूलभूत मूल्यों – उत्कृष्टता (Excellence), सम्मान (Respect) और मित्रता (Friendship) पर आधारित है।
साइकिलिंग के माध्यम से युवाओं में खेल भावना, आपसी सहयोग, अनुशासन और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा। यह आयोजन केवल फिटनेस तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत को एक स्वस्थ, सक्रिय और खेलप्रेमी राष्ट्र बनाने तथा अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।
फिटनेस को जन आंदोलन बनाने की पहल
दिसंबर 2024 में प्रारंभ हुआ संडेज ऑन साइकिल अभियान आज एक राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन का रूप ले चुका है। इस अभियान के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री के संदेश ‘फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज’ को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है। साइकिलिंग एक सरल, सुलभ एवं पर्यावरण अनुकूल गतिविधि है, जो शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर बनाने के साथ मोटापे को कम करने और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने में सहायक है।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत, बीजापुर ने जिले के युवाओं एवं नागरिकों से आह्वान किया है कि वे इस ऐतिहासिक 100वें संस्करण का हिस्सा बनें और ‘फिट इंडिया’ के संकल्प के साथ भारत के ओलंपिक सपने की यात्रा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।







