बीजापुर 27 नवंबर 2026/ रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में दिनांक 27 नवंबर 2026 को संचालनालय, छत्तीसगढ़ महिला एवं बाल विकास विभाग एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित “राज्य स्तरीय सम्मान समारोह – बाल विवाह मुक्त भारत” एवं बाल विवाह मुक्ति हेतु 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त अभियान के जनसंवाद शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम एवं उन्मूलन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों, कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, यूनिसेफ एजुकेशन स्पेशलिस्ट श्री रवि दयाल,सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए समाजसेवियों एवं स्वयंसेवकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डारापाल की बीजादूतीर स्वयंसेवक *सुश्री सावित्री बारसा* एवं ग्राम पंचायत बांगोली की बीजादूतीर स्वयंसेवक *सुश्री संतोषी बारसा* को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बाल विवाह की रोकथाम एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह मुक्ति के उद्देश्य से 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त अभियान के जनसंवाद का भी शुभारंभ किया गया। इस अभियान के अंतर्गत आगामी 100 दिनों तक प्रदेशभर में गांव-गांव जनसंवाद, जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, ग्राम सभाओं तथा स्कूलों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन, यूनिसेफ एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से बीजापुर जिले में बीजादूतीर कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। यह सम्मान केवल दो स्वयंसेवकों का नहीं, बल्कि पूरे बीजापुर जिले के लिए गौरव का विषय है।
बाल संरक्षण इकाई एवं बीजादूतीर स्वयंसेवकों के निरंतर प्रयासों से जिले में बाल विवाह के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ी है तथा कई बाल विवाहों को समय रहते रुकवाने में सफलता मिली है। स्वयंसेवकों का यह समर्पण एवं योगदान बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।







