-बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने पर जिले भर में विशेष ग्राम सभाओं व जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन, कलेक्टर ने जिलेवासियों से की बाल विवाह रोकने की अपील
अब्दुल रफ़ीक खान/महासमुंद/कोमाखान । “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” के दो वर्ष पूर्ण होने तथा संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित ‘इंटरनेशनल डे फॉर द एलिमिनेशन ऑफ चाइल्ड, अर्ली एंड फोर्स्ड मैरिज’ (27 नवंबर) के अवसर पर आज पूरे जिले में जिला स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक सघन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस अवसर पर महासमुंद कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिले के निवासियों के नाम विशेष संदेश जारी करते हुए अपील की है कि “बाल विवाह न करें और होने न दें, इसको रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है”।
कानूनी अपराध के साथ सामाजिक अभिशाप है बाल विवाह
कलेक्टर श्री लंगेह ने अपने संदेश में कहा कि बाल विवाह न केवल एक कानूनी अपराध है, बल्कि एक गंभीर सामाजिक अभिशाप भी है। इससे बच्चों का शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास अवरुद्ध होता है तथा उनके बाल अधिकारों का गंभीर हनन होता है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ और छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ का संचालन इसी सामाजिक कुरीति के पूर्ण उन्मूलन के उद्देश्य से किया जा रहा है।
विशेष ग्राम सभाएं, शपथ ग्रहण और राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
अपर कलेक्टर महासमुंद द्वारा जारी निर्देशों के तहत आज 27 नवंबर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही शैक्षणिक संस्थाओं (स्कूलों-कॉलेजों), स्थानीय निकायों और सार्वजनिक स्थलों पर जनप्रतिनिधियों, मैदानी कार्यकर्ताओं और सामुदायिक हितधारकों की सहभागिता से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बाल विवाह न करने और इसका विरोध करने की शपथ दिलाई जा रही है।
कलेक्टर ने जिले की आम जनता, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया है कि वे आगे आकर बाल विवाह की रोकथाम में सहभागी बनें और महासमुंद को बाल विवाह मुक्त जिला बनाकर समाज के विकास में नया आयाम जोड़ें।







