लखनऊ, उत्तर प्रदेश। मेरा युवा भारत लखनऊ द्वारा दिनांक 25 नवंबर से 01 दिसंबर 2026 तक सात दिवसीय वंदे मातरम् कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस कैंप के अंतर्गत युवाओं को संवाद, अनुभव एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने के विभिन्न अवसर मिल रहे हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं ने महामहिम राज्यपाल महोदया से संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने युवा सशक्तिकरण, राष्ट्र निर्माण एवं विकसित भारत में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए तथा महामहिम राज्यपाल महोदया से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर कोरबा, छत्तीसगढ़ से कैंप में शामिल प्रतिभागी अदिति एवं नरेंद्र ने महामहिम राज्यपाल महोदया को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान एवं लोककला से संबंधित वर्ली आर्ट पेंटिंग भेंट की। इस माध्यम से उन्होंने छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया। यह क्षण कोरबा एवं छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण रहा।
इसके पश्चात युवाओं को उत्तर प्रदेश के माननीय पर्यटन मंत्री जी से वार्तालाप करने का अवसर प्राप्त हुआ। इस दौरान उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा पर्यटन के क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
सात दिवसीय इस कैंप का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सहभागिता एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस कैंप के अंतर्गत हुए ये संवाद युवाओं के लिए प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव रहे।
मेरा युवा भारत कोरबा, छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व का विषय है कि कोरबा के युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर अपनी प्रतिभा एवं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को प्रस्तुत किया।







