रिपोर्ट- खिलेश साहू
धमतरी- छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की प्रशासनिक तैयारियां तेज होने के बीच नगर पंचायत करेली बड़ी में आबादी पट्टे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद सामने आया है। दशकों से काबिज एक परिवार के आवासीय मकान पर हुई कार्रवाई के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। परिवार का दावा है कि उनके पास वर्ष 1997 में जारी आबादी पट्टा, पुराने कब्जे के प्रमाण और नियमित टैक्स भुगतान की रसीदें मौजूद हैं। वहीं नगर पंचायत के मनोनीत अध्यक्ष महेंद्र साहू ने कार्रवाई को तहसील कार्यालय में की गई शिकायत के आधार पर राजस्व विभाग की प्रक्रिया बताया है।
गौरतलब है कि प्रदेश में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो रही हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिसंबर के पहले सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने और आदर्श आचार संहिता लागू होने की संभावना जताई जा रही है। 5 दिसंबर तक चुनावी कार्यक्रम की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने की चर्चा है। वहीं दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान कराए जाने की संभावना बताई जा रही है। हालांकि चुनाव की तारीखों को लेकर आयोग की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। राजनीतिक दल भी उम्मीदवारों के चयन और विभिन्न वार्डों में चुनावी समीकरण साधने में जुटे हैं।
1997 के पट्टे और पुराने कब्जे का दिया हवाला
नगर पंचायत करेली बड़ी निवासी शिवकुमार पिता मेघराज सतनामी के अनुसार, खसरा नंबर 634/3 के 33×33 क्षेत्रफल वाले भूखंड पर उनका परिवार पिछले करीब 40 वर्षों से काबिज है। यहां 25 वर्ष से अधिक समय से उनका मकान बना हुआ है, जिसमें परिवार निवास करता आ रहा है। उनका दावा है कि उक्त भूमि का आबादी पट्टा 28 अगस्त 1997 को तत्कालीन ग्राम पंचायत करेली बड़ी द्वारा उनके दादा विश्राम पिता लक्ष्मण सतनामी के नाम पर जारी किया गया था।शिवकुमार के अनुसार, 17 फरवरी 2026 को उन्हें उक्त भूमि से अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया गया था। इसके दूसरे दिन 18 फरवरी को उन्होंने संबंधित दस्तावेजों के साथ नगर पंचायत में आवेदन देकर अपना पक्ष रखा तथा मकान के जीर्णोद्धार एवं निर्माण की अनुमति मांगी, लेकिन उनके आवेदन पर अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
नियमित टैक्स भुगतान के बावजूद कार्रवाई पर सवाल
पीड़ित परिवार का कहना है कि वे ग्राम पंचायत में प्रकाश कर, संपत्ति कर और जलकर का नियमित भुगतान करते आ रहे हैं। ऐसे में उनका सवाल है कि यदि संबंधित भूमि अतिक्रमण की श्रेणी में थी, तो इतने वर्षों तक ग्राम पंचायत द्वारा उनसे विभिन्न करों की वसूली क्यों की जाती रही? परिवार ने अपने दावे के समर्थन में पुराने बिजली बिल, टैक्स रसीदें, मकान एवं कब्जे से संबंधित दस्तावेज और आबादी पट्टा होने की बात कही है।
पट्टा नियमों के तहत मांगा अधिकार
शिवकुमार ने छत्तीसगढ़ शासन के पट्टाधृति नियमों का हवाला देते हुए कहा है कि निर्धारित कट-ऑफ तिथि 20 अगस्त 2017 तक या उससे पहले से शासकीय अथवा आबादी भूमि पर मकान बनाकर निवासरत पात्र आवासहीन परिवारों को नियमानुसार पट्टा देने का प्रावधान है। उनका कहना है कि उनके परिवार का कब्जा काफी पुराना है और उनके पास इससे संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध हैं। इसी आधार पर उन्होंने मकान के जीर्णोद्धार एवं निर्माण की अनुमति देने की मांग की है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने तहसील की कार्रवाई बताया
मामले में नगर पंचायत करेली बड़ी के मनोनीत अध्यक्ष महेंद्र साहू ने नगर पंचायत की ओर से किसी भी प्रकार की एकतरफा कार्रवाई किए जाने से इनकार किया है। उनका कहना है कि संबंधित मकान के ठीक सामने किसी अन्य व्यक्ति का खेत है और खेत मालिक ने निर्माण को लेकर आपत्ति जताते हुए तहसील कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। अध्यक्ष के मुताबिक, शिकायत के बाद नायब तहसीलदार कार्यालय की ओर से शिवकुमार पिता मेघराज सतनामी को तीन बार नोटिस भेजे गए, लेकिन उन्होंने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद राजस्व प्रशासन द्वारा नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
चुनावी माहौल में प्रशासन की भूमिका पर नजर
एक ओर पीड़ित परिवार 1997 के आबादी पट्टे और दशकों पुराने कब्जे को आधार बनाकर राहत की मांग कर रहा है, वहीं दूसरी ओर नगर पंचायत अध्यक्ष इसे राजस्व विभाग की शिकायत आधारित कार्रवाई बता रहे हैं। ऐसे में अब संबंधित पट्टे की वैधानिक स्थिति, खसरा नंबर 634/3 के राजस्व अभिलेखों और नोटिस की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच महत्वपूर्ण हो गई है। चुनावी सरगर्मी के बीच यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन सकता है।







