Home खेल विश्व क्रिकेट में मचा तहलका: एक ट्रिपल सेंचुरी, तीन शतक, टीम ने...

विश्व क्रिकेट में मचा तहलका: एक ट्रिपल सेंचुरी, तीन शतक, टीम ने बना दिए 820 रन

17
0

इंग्लैंड में इन दिनों काउंटी चैंपियनशिप के मुकाबले खेले जा रहे हैं। काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन का 42वां मैच सरे और डरहम के बीच केनिंगटन ओवल लंदन में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में एक अद्भुत नजारा देखने को मिला। सरे की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट के नुकसान 820 रन बनाए और उसके बाद पारी घोषित की। इस दौरान सरे की टीम के लिए एक बल्लेबाज ने तिहरा शतक लगाया और तीन बल्लेबाजों ने शतक जड़ा। आपको बता दें कि ये काउंटी चैंपियनशिप में सरे टीम का अभी तक का सबसे बड़ा स्कोर है और काउंटी इतिहास का चौथा सबसे बड़ा स्कोर है।

इस मैच में सरे के बल्लेबाज शुरुआत से ही बेहतरीन लय में दिखे। टीम के लिए डॉम सिबली ने जबरदस्त बल्लेबाजी की और तिहरा शतक जड़ दिया। उन्होंने 475 गेंदों का सामना करते हुए 305 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 29 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह उनका पहला तिहरा शतक है। सिबली की इसी मैराथन पारी के बदौलत उनकी टीम बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही। डॉम सिबली के अलावा, इस मैच में सरे के लिए तीन और बल्लेबाजों ने शतकीय पारी खेली। सैम करन ने 124 गेंदों में 108 रन बनाए। डैन लॉरेंस ने 149 गेंदों में 178 रनों का योगदान दिया। विल जैक्स ने 94 गेंदों में 8 चौके और 4 छक्के की मदद से 119 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं सलामी बल्लेबाज रोरी बर्न्स ने 55 रन बनाए।

डरहम की गेंदबाजी की बात करें तो विल रोड्स टीम के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने 28 ओवर में 131 रन देकर तीन विकेट झटके। जॉर्ज ड्रिसल टीम के लिए सबसे महंगे गेंदबाज रहे, उन्होंने 45 ओवर में 247 रन लुटाए और सिर्फ एक विकेट अपने नाम किया। वहीं, डैनियल हॉग ने भी 2 विकेट निकाले। इनके अलावा बेन रेन, जेम्स नीशम और कॉलिन एकरमैन को 1-1 सफलता मिली। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक डरहम ने भी 1 विकेट के नुकसान पर 59 रन बना लिए हैं। उनकी टीम सरे से 761 रन पीछे है। डरहम की तरफ से एलेक्स हेल्स (33) और विल रोड्स (16)  क्रीज पर मौजूद हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here