मानसून में सब्जियों की भरमार तो होती है, लेकिन इस मौसम में खानपान को लेकर थोड़ी सावधानी बरतना ज़रूरी होता है। कई लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि क्या बरसात के मौसम में बैंगन खाना सही है?
बैंगन फरवरी से अक्टूबर तक आसानी से बाजार में मिल जाता है। यह फाइबर, विटामिन्स और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। हालांकि, बरसात के मौसम में इसकी तासीर और हमारे शरीर की स्थिति को ध्यान में रखकर इसका सेवन करना चाहिए।
इस बारे में डॉक्टर प्रल्हाद प्रसाद बताते हैं कि बैंगन गर्म तासीर वाली सब्ज़ी है। मानसून के दौरान हमारा पाचन तंत्र थोड़ा कमजोर हो जाता है, ऐसे में गैस बनाने वाली और गर्म तासीर की चीज़ें जैसे बैंगन खाने से शरीर में जलन, एसिडिटी और स्किन एलर्जी जैसी परेशानियां हो सकती हैं।
इसलिए बरसात में बैंगन खाने से पहले अपनी सेहत और पाचन क्षमता को ध्यान में रखना ज़रूरी है। यदि पाचन ठीक है और शरीर पर बैंगन का नकारात्मक असर नहीं होता, तो सीमित मात्रा में इसका सेवन किया जा सकता है।
किन लोगों को बरसात में बैंगन से परहेज करना चाहिए?
एलर्जी वाले लोग: अगर आपको स्किन एलर्जी, एक्जिमा या खुजली की समस्या है, तो मानसून में बैंगन से दूरी बनाएं.
गैस और एसिडिटी की शिकायत: बैंगन में सोलानिन नामक तत्व होता है, जो पेट में गैस और जलन को बढ़ा सकता है.
गर्भवती महिलाएं: आयुर्वेद के अनुसार, बैंगन यूटरस को उत्तेजित कर सकता है, इसलिए प्रेग्नेंसी में इसे लेकर सतर्कता जरूरी है।
क्या बैंगन पूरी तरह से हानिकारक है?
बैंगन पूरी तरह से नुकसानदायक नहीं है. अगर इसे ताजे और सही तरीके से पकाकर खाया जाए तो यह आयरन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स का अच्छा स्रोत बन सकता है. लेकिन मानसून में इसे सीमित मात्रा में ही खाना बेहतर है.
कुछ जरूरी सावधानियां
हमेशा ताजे और चमकदार बैंगन ही खरीदें
बैंगन को अच्छी तरह धोकर, नमक में भिगोकर पकाएं ताकि कीटनाशक या बैक्टीरिया निकल जाएं
रात में बैंगन खाने से बचें, खासकर बरसात के मौसम में
बच्चों और बुजुर्गों को बैंगन देने से पहले डॉक्टर से सलाह लें
बरसात में बैंगन खाना पूरी तरह से मना नहीं है, लेकिन इसकी तासीर और शरीर की स्थिति को ध्यान में रखकर सावधानी बरतना जरूरी है. सही मात्रा, सही तरीके से पका हुआ बैंगन नुकसान नहीं पहुंचाता, वहीं जिन लोगों को एलर्जी या पाचन की समस्या है, उन्हें इससे दूरी बनाना ही समझदारी होगी.









