कोंडागांव – ज्योति कुमार कमलासन
कोण्डागांव जिले की फरसगांव पुलिस ने एक बड़े ठग को गिरफ्तार करते हुए न सिर्फ लाखों की ठगी का खुलासा किया, बल्कि सेना के जवानों को फर्जी वादों और आलीशान ज़िंदगी का सपना दिखाकर लूटने वाले नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपी खिलेन्द्र कश्यप को नारायणपुर से गिरफ्तार किया और उसके पास से एप्पल लैपटॉप, आईपैड, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और नगदी जब्त किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी सेना में नौकरी करता था और सेना की नौकरी छोड़ने के बाद से इस काम में लिप्त था।
7 महीने की देश विदेश में अलग अलग जगहों में छुपा था, आखिरकार नारायणपुर से गिरफ्तारी

प्रार्थी जगदीश्वर मरकाम की शिकायत पर 17 दिसंबर 2024 को दर्ज धोखाधड़ी के मामले की जांच करते हुए फरसगांव पुलिस ने आरोपी खिलेन्द्र कश्यप के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपी देश के अलग-अलग राज्यों के साथ-साथ दुबई और मलेशिया में भी छिपकर रह रहा था, लेकिन पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार, एएसपी कौशलेंद्र पटेल और एसडीओपी अभिनव उपाध्याय के मार्गदर्शन में निरीक्षक संजय शिंदे की टीम ने रणनीतिक तरीके से आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई है।
फर्जी विदेशी कंपनी बनाकर देता था लालच
आरोपी Diversified Multinational Group of Businesses नामक एक फर्जी विदेशी ब्रांड के नाम पर लोगों को महंगे होटल, कपड़ों का व्यापार और आलीशान बंगलों की पेशकश करता था। सेना के जवानों को विशेष रूप से निशाना बनाकर लाखों की ठगी करता था। जगदीश्वर मरकाम से उसने ₹4.5 लाख की ठगी की, जबकि अन्य व्यक्तियों और सैनिकों से कुल ठगी की रकम 75 लाख के आसपास आंकी गई है।







