बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
रेल मंत्री को कमलेश विश्वकर्मा ने भेजा पत्र
जगदलपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य कमलेश विश्वकर्मा ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर जगदलपुर रेलवे स्टेशन को विशाखापट्टनम रेलवे ज़ोन से हटाकर बिलासपुर रेलवे ज़ोन अथवा रायपुर ज़ोन में शामिल करने की मांग की है।

कमलेश विश्वकर्मा ने कहा है कि बस्तर अंचल के लाखों नागरिकों की आवश्यकताएं जगदलपुर रेलवे स्टेशन से जुड़ी हुई हैं। वर्तमान में यह स्टेशन विशाखापट्टनम रेलवे डिवीजन (पूर्व तट रेलवे ज़ोन) के अंतर्गत आता है। इसके कारण छत्तीसगढ़ के यात्रियों को रेल सुविधाओं, विकास कार्यों, समयबद्ध संचालन तथा प्रशासनिक संवाद में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।उन्होंने तर्क दिया है कि बस्तर का भौगोलिक, प्रशासनिक, सामाजिक और भाषाई जुड़ाव छत्तीसगढ़ से है, न कि आंध्रप्रदेश से। इसलिए जगदलपुर रेलवे स्टेशन को बिलासपुर रेलवे ज़ोन या रायपुर ज़ोन में सम्मिलित किया जाना जनहित में होगा। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस पहल से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी, बल्कि रेल प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित होगा। उन्होंने रेल मंत्री से इस जनभावना को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि बस्तर क्षेत्र का समग्र रेल विकास सुनिश्चित हो सके।









