Home चर्चा में कांग्रेस नेता अशोक फड़नवीस ने निर्वाचन आयोग की तैयारियों को बताया अधूरी

कांग्रेस नेता अशोक फड़नवीस ने निर्वाचन आयोग की तैयारियों को बताया अधूरी

4
0

-राजनांदगांव में SIR प्रक्रिया पर उठाए सवाल

अर्जुन झा/राजनांदगांव।

प्रदेश में संचालित मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर एक बार फिर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक फड़नवीस ने निर्वाचन आयोग की तैयारियों और समय-सीमा पर गंभीर आपत्तियाँ जताते हुए कहा कि जिस तरह केवल एक माह का समय दिया गया है वह हड़बड़ी में गड़बड़ी को जन्म दे रहा है।

श्री फड़नवीस ने आगे कहा कि चुनाव में अभी दो से तीन साल बचे हैं फिर भी आयोग बिहार की तरह जल्दबाज़ी में प्रक्रिया पूरी करवाना चाहता है जबकि ज़मीनी स्तर पर BLO मानसिक दबाव में काम कर रहे हैं और उन्हें कई महत्त्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी तक पूरी नहीं दी गई है।श्री फड़नवीस ने आरोप लगाया कि BLO के पास फॉर्म भरने की कई महत्त्वपूर्ण तकनीकी जानकारियाँ नहीं हैं। 30 दिन में 2 करोड़ 12 लाख मतदाताओं तक फ़ॉर्म पहुँचाना असंभव जैसा कार्य है।

अधिकांश क्षेत्रों में अभी भी फ़ॉर्म वितरण अधूरा है कई जगह BLO को 4 नवंबर तक भी फ़ॉर्म पर्याप्त संख्या में नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि BLO को मतदाताओं को दो फॉर्म देना है एक मतदाता द्वारा भरने के लिए और दूसरा रसीद हेतु लेकिन कई जगह केवल सिंगल कॉपी ही दी जा रही है। इससे फ़ॉर्म में गलती होने पर दूसरा फॉर्म उपलब्ध कराना मुश्किल हो जाता है और मतदाता असुविधा में पड़ रहे हैं। जिनके माता-पिता का निधन 2003 से पहले हो गया और उनके नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं वे SIR में अपना नाम कैसे जोड़ें कुछ BLO उनसे मार्कशीट माँग रहे हैं।जबकि कई लोगों के पास यह दस्तावेज़ उपलब्ध ही नहीं है। यदि किसी व्यक्ति का नाम 2004 की मतदाता सूची में है तो SIR-2025 में उसका समावेशन कैसे होगा इस पर BLO स्पष्ट जवाब देने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि आयोग ने SIR का कार्यक्रम लागू तो कर दिया लेकिन फील्ड स्तर के अधिकारी अभी भी आधी जानकारी पर काम कर रहे हैं। फार्म 6, 7, 8 और 8A जैसे महत्त्वपूर्ण फॉर्मों के बारे में भी जनता को पूरी जानकारी नहीं दी जा रही है।

श्री फड़नवीस ने चेताया कि यदि इसी तरह जल्दबाज़ी में प्रक्रिया पूरी की गई तो अनेक वास्तविक मतदाता फ़ॉर्म न भर पाने के कारण सूची से बाहर हो सकते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि अंत में कहीं ऐसा न हो कि जो मतदाता फ़ॉर्म भरने में पीछे रह जाएँ उन्हें ही घुसपैठिया बताने की नौबत आ जाए।क्या 14 दिन में पूरा होगा 2 करोड़ 12 लाख मतदाताओं का सत्यापन।उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन कार्यालय अभी भी फ़ॉर्म बाँटने में लगा है जबकि प्रदेश में अब केवल 14 दिन का समय बचा है। ऐसी स्थिति में SIR की पूरी प्रक्रिया समय पर तथा त्रुटिरहित तरीके से पूरी होना समझ से परे है। उन्होंने मांग की कि BLO को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएँ समय-सीमा बढ़ाई जाए और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा हेतु प्रक्रिया को सुगम बनाया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here