Home चर्चा में श्री रामचरितमानस महायज्ञ की तैयारियां तेज, संत सान्निध्य हेतु प्रतिनिधिमंडल ने लिया...

श्री रामचरितमानस महायज्ञ की तैयारियां तेज, संत सान्निध्य हेतु प्रतिनिधिमंडल ने लिया आशीर्वाद

7
0

आरंग संवाददाता – सोमन साहू

आरंग क्षेत्र में आगामी 24 मई से प्रारंभ होने वाले श्री रामचरितमानस महायज्ञ को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस पावन आयोजन के शुभ एवं सफल संचालन हेतु धार्मिक आशीर्वाद, संत सान्निध्य एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त करने के उद्देश्य से श्री परशुराम पुरोहित वैदिक संस्थान, आरंग (संभाग रायपुर, छत्तीसगढ़) के प्रतिनिधिमंडल ने परम पूज्य 1008 यतिवर दण्डी स्वामी इंदुभवानन्द तीर्थ जी महाराज के श्रीचरणों में उपस्थित होकर श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

यह आध्यात्मिक भेंट कार्यक्रम श्री जगद्गुरु शंकराचार्य आश्रम, बोरियाकला (रायपुर) में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक पं. अविनाश शर्मा एवं अध्यक्ष पं. ध्रुवनारायण शुक्ला ने महाराज श्री से महायज्ञ के आयोजन हेतु सादर निवेदन किया और उनका दिव्य आशीर्वचन प्राप्त किया।

परम पूज्य महाराज श्री ने महायज्ञ के आयोजन को अपनी शुभ स्वीकृति प्रदान करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में संस्कार, सद्भाव, आध्यात्मिक चेतना तथा सनातन मूल्यों का विस्तार होता है। उन्होंने इस महायज्ञ में विशेष सान्निध्य, आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं अपनी पावन उपस्थिति देने की सहमति भी दी।

महाराज श्री की स्वीकृति एवं आशीर्वाद से क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। संस्थान परिवार ने इसे अपने लिए परम सौभाग्य बताते हुए कहा कि संतजनों का आशीर्वाद ही ऐसे दिव्य आयोजनों की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह महायज्ञ जनकल्याण, विश्व शांति और धर्म जागरण का प्रेरणास्रोत बनेगा।

जारीकर्ता:
श्री परशुराम पुरोहित वैदिक संस्थान
आरंग, संभाग-रायपुर (छत्तीसगढ़)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here