डुगेश्वर संजू साहू –
भवानीपुर/पलारी। अखंड ब्राह्मण सेवा समिति पलारी के तत्वाधान में भगवान परशुराम जयंती का पर्व इस वर्ष अत्यंत भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर निकाली गई विशाल शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया।
शोभायात्रा की शुरुआत गायत्री मंदिर से विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—स्वास्थ्य केंद्र, गांधी चौक सहित विभिन्न चौक-चौराहों से होकर निकली। शोभायात्रा में भगवान परशुराम की आकर्षक झांकी, भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और जयघोषों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
महिलाएं, पुरुष, युवा और छोटे-छोटे बच्चे हाथों में भगवान परशुराम का ध्वज, छायाचित्र और फरसा लिए उत्साहपूर्वक शामिल हुए। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत करते हुए पूजा-अर्चना की और समाज तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रतिभाओं और समाजसेवियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, मीडिया और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों तथा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को मंच पर आमंत्रित कर तिलक, श्रीफल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शिक्षा क्षेत्र से सम्मानित:
शेखराम शर्मा, टंकार शर्मा, मणि प्रसाद मिश्रा, यादव प्रसाद त्रिपाठी, रामायण तिवारी, शिव कुमार शर्मा।
स्वास्थ्य विभाग से:
गैंदलाल चौबे।
मीडिया क्षेत्र से:
वरिष्ठ पत्रकार मुकेश झा, तोषण प्रसाद चौबे, ऋषभ चौबे।
प्रतिभावान छात्र-छात्राएं:
शिवम शर्मा, श्रद्धा त्रिपाठी, अपूर्व मिश्रा, सृष्टि मिश्रा, टोपेश्वर मिश्रा, दीपांशु तिवारी, डॉ. श्रद्धा मिश्रा सहित अन्य विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट जनों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कसडोल विधायक संदीप साहू की धर्मपत्नी सीमा साहू उपस्थित रहीं।
विशिष्ट अतिथियों में पूर्व कृषक कल्याण बोर्ड सदस्य सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष अखंड ब्राह्मण समाज योगेश तिवारी, जिला अध्यक्ष श्याम शुक्ला, चित्रा तिवारी, विपिन बिहारी वर्मा, हितेंद्र ठाकुर, परिवेश तिवारी, सुनील शर्मा, उमाशंकर मिश्रा, यश प्रभा पांडे, धीरज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वक्ताओं के उद्बोधन ने दिया एकता और संस्कार का संदेश
कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, शिक्षा और संस्कारों के महत्व पर विस्तृत विचार व्यक्त किए।
सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव ज्ञान, शिक्षा और मार्गदर्शन का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को और अधिक संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी दें, ताकि वे भविष्य में समाज और देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनना ही सच्ची सेवा है।
प्रदेश अध्यक्ष योगेश तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि अखंड ब्राह्मण सेवा समिति पलारी ने बहुत ही कम समय में गांव-गांव जाकर समाज को जोड़ने का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति ही समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है और यदि सभी लोग मिलकर कार्य करें तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता। उन्होंने समाज में भाईचारा और सहयोग की भावना को बढ़ाने पर जोर दिया।
परिवेश तिवारी ने कहा कि किसी भी कार्य को यदि संगठित होकर किया जाए तो वह कार्य निश्चित रूप से सफल होता है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील की कि वे आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आएं और समाज के उत्थान के लिए कार्य करें। उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से आगे आकर नेतृत्व करने की प्रेरणा दी।
समिति अध्यक्ष उमाशंकर मिश्रा ने कहा कि आने वाले समय में जनेऊ संस्कार, विवाह एवं अन्य धार्मिक आयोजनों को समाज स्तर पर सामूहिक रूप से आयोजित किया जाएगा, जिससे सनातन धर्म की परंपराओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही उसकी असली पहचान है और हमें भगवान परशुराम के बताए मार्ग पर चलते हुए सत्य, धर्म और न्याय का पालन करना चाहिए।
झांकी बनी आकर्षण का केंद्र, बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
कार्यक्रम में भगवान परशुराम की सजीव और आकर्षक झांकी लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित हुए। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और उत्साह का विशेष वातावरण देखने को मिला।
प्रसाद एवं भोजन के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भोजन की व्यवस्था की गई। आयोजन में अखंड ब्राह्मण सेवा समिति के सदस्य एवं समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए और कार्यक्रम को सफल बनाया।








