कुड़केल स्कूल परिसर में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 50 लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसमें ग्रामीण समुदाय, स्कूली बच्चे एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक श्री हेमंत सिन्हा उपस्थित रहे। साथ ही श्री शैलेन्द्र मरकाम (सरपंच), श्री मुन्नालाल बघेल (प्रधान अध्यापक), श्री गंगाधर राणा (सहायक प्रधान अध्यापक), अन्य वार्ड सदस्यगण, अरोह फाउंडेशन के स्टाफ एवं कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन्स तथा स्थानीय ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन एवं नेतृत्व श्री गंगाधर राणा (सहायक प्रधान अध्यापक) द्वारा किया गया। अरोह फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री जोसेफ कुलदीप एवं एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक श्री हेमंत सिन्हा ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाते हुए उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में पृथ्वी संरक्षण, पर्यावरण संतुलन एवं वृक्षारोपण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

ग्राम सरपंच श्री शैलेन्द्र मरकाम ने अपने संबोधन में एचडीएफसी बैंक के ‘परिवर्तन’ कार्यक्रम के सहयोग से अरोह फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है, जो विश्व पृथ्वी दिवस के उद्देश्यों को साकार करने में सहायक है।
इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने पृथ्वी की रक्षा करने एवं अधिक से अधिक पौधे लगाने का सामूहिक संकल्प (शपथ) लिया। इसके पश्चात स्कूल परिसर में पौधारोपण किया गया, जिसमें बच्चों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं हरित भविष्य के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना था। यह आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने में सफल रहा कि “पृथ्वी की सुरक्षा ही हमारे भविष्य की सुरक्षा है।”








