आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग नगर की पावन धरती पर आयोजित होने जा रहे श्री रामचरितमानस महायज्ञ को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में रविवार, 26 अप्रैल 2026 को सायंकाल 5:00 बजे श्री बागेश्वर नाथ महादेव मंदिर प्रांगण, बागेश्वर पारा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सर्व समाज, सर्व सनातनी समाज एवं श्री परशुराम पुरोहित वैदिक संस्थान के तत्वावधान में संपन्न हुई।
बैठक में नगर के विभिन्न समाजों के अध्यक्ष, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रतिष्ठित नागरिक, धर्मप्रेमीजन एवं संस्थान के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में आगामी महायज्ञ को भव्य, सुव्यवस्थित एवं जनसहभागिता से संपन्न कराने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान महायज्ञ के सफल आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें विशेष रूप से समाजजनों से सहयोग जुटाने, व्यापक प्रचार-प्रसार करने, धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने, सेवा कार्यों की जिम्मेदारी बांटने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी बैठक में महायज्ञ आयोजन समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें पदाधिकारियों का चयन कर उन्हें विभिन्न दायित्व सौंपे जाएंगे। साथ ही प्रत्येक समाज, संस्था और नगर के प्रतिष्ठित नागरिकों से सहयोग प्राप्त करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने धर्म, समाज और संस्कृति के उत्थान के लिए तन-मन-धन से सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि यह महायज्ञ न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का भी संदेश देगा।
अंत में आयोजकों ने नगरवासियों, सर्व समाज एवं सनातन धर्म के अनुयायियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर इस पुण्य आयोजन को सफल बनाएं, ताकि यह महायज्ञ आरंग नगर के इतिहास में एक प्रेरणादायी और यादगार आयोजन के रूप में स्थापित हो सके।








