पुकार बाफना/बीजापुर, 28 अप्रैल 2026।
कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के दिशा-निर्देश में बीजापुर एसडीएम श्री जागेश्वर कौशल ने ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कचलारम और नैमेड़ में आयोजित सैचुरेशन शिविरों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर ‘नियद नेल्लानार 2.0’ एवं ‘बस्तर मुन्ने’ जैसे महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की।
एसडीएम श्री कौशल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब पात्र हितग्राही अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को खुलकर सामने रखें। उन्होंने ग्रामीणों को अपने गांव और व्यक्तिगत स्तर की समस्याओं को शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बताने के लिए प्रेरित किया, ताकि उन्हें पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों का होना बेहद जरूरी है। इसलिए ग्रामीण समय पर अपने जरूरी दस्तावेज तैयार रखें और सैचुरेशन शिविर में सही जानकारी उपलब्ध कराएं।
इस अवसर पर एसडीएम श्री कौशल ने आगामी जनगणना 2027 को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने जनगणना की महत्ता बताते हुए कहा कि यह देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जनगणना कार्य के दौरान आने वाले कर्मचारियों को सहयोग दें और सही व सटीक जानकारी प्रदान करें।
यह पहल प्रशासन द्वारा दूरस्थ क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








