Home चर्चा में जनगणना प्रथम दिवस: क्षेत्रीय निरीक्षण से सुनिश्चित हुआ प्रभावी क्रियान्वयन

जनगणना प्रथम दिवस: क्षेत्रीय निरीक्षण से सुनिश्चित हुआ प्रभावी क्रियान्वयन

8
0

संवाददाता – हेमचंद्र सोनी

जिला जांजगीर-चांपा में भारत सरकार द्वारा संचालित ऐतिहासिक डिजिटल जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत 01 मई को जनगणना कार्य का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी महोदय श्री जन्मेजय महोबे के आदेशानुसार एवं जिला जनगणना अधिकारी महोदय श्री संदीप ठाकुर के निर्देशन में तहसील बम्हनीडीह (ग्रामीण) क्षेत्र में जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संचालित किया गया।

चार्ज अधिकारी द्वारा मैदानी निरीक्षण, कार्य प्रगति का मूल्यांकन
तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी श्री शशिभूषण सोनी द्वारा जनगणना के प्रथम दिवस पर स्वयं क्षेत्र के विभिन्न ग्राम गोविंदा एवं करनौद का भ्रमण कर मैदानी स्तर पर चल रहे कार्यों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रगणक सुरेश कुमार,साहू, पुना राम देवांगन, धनंजय डड़सेना, देवराम देवांगन, घनश्याम डड़सेना एवं पर्यवेक्षक देवकुमार कोराम द्वारा किए जा रहे हाउस लिस्टिंग एवं बेसिक डेटा संकलन कार्य की प्रगति का मूल्यांकन किया गया तथा उन्हें निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप कार्य निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

समन्वय बैठक में गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष जोर
इस अवसर पर चार्ज अधिकारी द्वारा सभी पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों की एक समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना कार्य की महत्ता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया।

मास्टर ट्रेनर्स द्वारा समस्याओं का त्वरित समाधान
बैठक में उपस्थित मास्टर ट्रेनर्स श्री बसंत चतुर्वेदी एवं श्री शिव कुमार पटेल के माध्यम से प्रगणकों द्वारा फील्ड में आ रही तकनीकी एवं व्यवहारिक समस्याओं का विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। साथ ही, डिजिटल प्लेटफॉर्म में लॉगिन, डेटा एंट्री, एप्लीकेशन उपयोग एवं त्रुटि सुधार से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

लापरवाही पर सख्ती, सटीक डेटा संकलन के निर्देश
चार्ज अधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनगणना कार्य अत्यंत संवेदनशील एवं राष्ट्रीय महत्व का दायित्व है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, विलंब या त्रुटि को गंभीरता से लिया जाएगा। सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में नियमित रूप से उपस्थित रहकर शत-प्रतिशत सटीक एवं अद्यतन जानकारी का संकलन सुनिश्चित करें।

मैदान में संतोषजनक शुरुआत, तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान
मैदानी भ्रमण के दौरान यह पाया गया कि अधिकांश प्रगणक निर्धारित समय पर अपने-अपने ग्रामों में उपस्थित होकर कार्य प्रारंभ कर चुके हैं, जिससे जनगणना कार्य का प्रारंभ संतोषजनक एवं व्यवस्थित रूप में हुआ है। कुछ स्थानों पर प्रारंभिक स्तर पर तकनीकी समस्याएं सामने आईं, जिन्हें तत्काल निराकृत कर कार्य को सुचारू रूप से संचालित किया गया।

दैनिक मॉनिटरिंग एवं त्वरित सूचना प्रेषण के निर्देश
चार्ज अधिकारी श्री सोनी द्वारा निर्देशित किया गया कि प्रत्येक पर्यवेक्षक अपने अधीनस्थ प्रगणकों की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तत्काल उच्च स्तर पर प्रेषित करें, जिससे समय रहते समाधान किया जा सके।

जनसहभागिता पर जोर, नागरिकों से सहयोग की अपील
साथ ही, जनगणना कार्य के दौरान आमजन को जागरूक करने एवं सहयोग प्राप्त करने हेतु आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा यह अपील की गई है कि आम नागरिक जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें एवं सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
सफलतापूर्वक संपन्न हुआ प्रथम दिवस का कार्य
जनगणना कार्य के प्रथम दिवस पर की गई इस सक्रिय एवं सघन मॉनिटरिंग के फलस्वरूप तहसील बम्हनीडीह क्षेत्र में कार्य का प्रारंभ सुचारू, अनुशासित एवं अपेक्षित स्तर पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।
जनगणना समन्धित समस्याओं के समाधन हेतु तहसील कार्यालय में एक कण्ट्रोल रूम स्थापित किया गया हैं. जिसका दूरभाष नंबर 9243353001 है। कण्ट्रोल रूम प्रभारी दीनदयाल देवांगन मोबाइल नंबर 8839022089 एवं सहायक प्रभारी तकनिकी सहायक नरेश दुबे 9340475672 को नियुक्त किया गया हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here