Home कोरबा कुसमुंडा के आदर्श नगर स्थित आरओ फिल्टर फिर हुआ बंद, लोगों को...

कुसमुंडा के आदर्श नगर स्थित आरओ फिल्टर फिर हुआ बंद, लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए हो रही परेशानी

1
0

-खबर प्रसारित होने के बाद एसईसीएल ने कराया था ₹80 हजार का मरम्मत कार्य, तीन दिन बाद फिर खराब हुई मशीन

गुरदीप सिंह/कुसमुंडा। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच आदर्श नगर कॉलोनी के पास स्थापित आरओ फिल्टर मशीन एक बार फिर खराब हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के गांवों के नागरिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले आरओ फिल्टर मशीन खराब हो गई थी, जिसकी खबर प्रसारित होने के बाद एसईसीएल प्रबंधन द्वारा लगभग ₹80 हजार खर्च कर मशीन की मरम्मत कराई गई थी। मरम्मत के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अब उन्हें नियमित रूप से शुद्ध पेयजल मिल सकेगा, लेकिन महज तीन दिन के भीतर ही मशीन दोबारा बंद हो गई।

यह आरओ फिल्टर मशीन क्षेत्र के लोगों के लिए शुद्ध पेयजल का प्रमुख स्रोत बनी हुई थी। केवल आदर्श नगर कॉलोनी ही नहीं, बल्कि दूर-दराज के गांवों से भी लोग यहां पानी लेने पहुंचते थे। मशीन के चालू रहने से लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होता था, जिससे गर्मी के मौसम में जलजनित बीमारियों से बचाव में भी मदद मिलती थी।

वर्तमान में भीषण गर्मी और तापमान बढ़ने के कारण शुद्ध पेयजल की आवश्यकता सबसे अधिक है। ऐसे समय में आरओ फिल्टर का बंद होना लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। लोगों को मजबूरन अन्य स्रोतों से पानी लेना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ सकते हैं।

कॉलोनीवासियों एवं स्थानीय नागरिकों ने एसईसीएल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द आरओ फिल्टर मशीन की स्थायी रूप से मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को पुनः स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here