रात में रास्ता पूछने वाले युवक को बेल्ट से पीटकर मोबाइल और ₹8000 लूटे, पुलिस की बीट प्रणाली से खुला मामला
संवाददाता डुगेश्वर संजू साहू
भवानीपुर (पलारी)। थाना पलारी पुलिस ने नवागांव-जंगलोर मार्ग में राहगीर के साथ लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने रात के समय रास्ता पूछने आए व्यक्ति को झांसे में लेकर सुनसान स्थान पर मारपीट कर मोबाइल और नगदी लूट ली थी। पुलिस ने उत्कृष्ट आसूचना संकलन एवं बीट प्रणाली के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी चंद्रभान आवडे निवासी ग्राम भोरिंग जिला महासमुंद ने थाना पलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 07 मई 2026 को अपनी बेटी से मिलने ग्राम नवागांव आ रहा था। रात के समय ग्राम जंगलोर के पास रास्ता भटक जाने पर उसने वहां खड़े कुछ युवकों से नवागांव का रास्ता पूछा। आरोपियों ने मदद का भरोसा दिलाते हुए उसे मोटरसाइकिल के पीछे आने कहा।
बताया गया कि रात लगभग 11:30 बजे जंगलोर स्थित गौटिया तालाब के पास आरोपियों ने बाइक रोककर प्रार्थी को डराया-धमकाया और बेल्ट से मारपीट करते हुए उसका मोबाइल फोन तथा नगद ₹8000 लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पलारी में अपराध क्रमांक 201/2026 धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में थाना पलारी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास के गांवों में सूचना तंत्र मजबूत किया और संदिग्धों की तलाश शुरू की।
लगातार छानबीन और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी उबारनदास खंडेलवाल (27 वर्ष) निवासी जंगलोर बीच बस्ती तथा धनंजय उर्फ सोनू खंडेलवाल (20 वर्ष) निवासी मामा भांचा चौक जंगलोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 AE 6081 एवं लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर जप्त किया है। दोनों आरोपियों को शनिवार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी सरगर्मी से तलाश जारी है। थाना पलारी पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।








