Home चर्चा में “संवाद से संपूर्ण समाधान” शिविर बना जनआस्था और सुशासन का महाकेंद्र, 341...

“संवाद से संपूर्ण समाधान” शिविर बना जनआस्था और सुशासन का महाकेंद्र, 341 से अधिक आवेदनों पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

10
0
एमसीबी संवाददाता – हनुमान प्रसाद यादव
सोमनाथ से राष्ट्र गौरव तक: प्रधानमंत्री मोदी के लाइव संदेश ने शिविर में भरा नई ऊर्जा का संचार
सुशासन तिहार 2026 में उमड़ा जनसैलाब, गांव-गांव पहुंचा संवेदनशील प्रशासन; सैकड़ों ग्रामीणों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ
एमसीबी/ छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत विकासखंड भरतपुर के ग्राम पंचायत केसौड़ा में आयोजित विशाल जनसमस्या निवारण शिविर जनविश्वास, सुशासन और संवेदनशील प्रशासन का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। “संवाद से संपूर्ण समाधान” की भावना के साथ आयोजित इस भव्य शिविर में 17 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों की अभूतपूर्व सहभागिता देखने को मिली। ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे प्राप्त करते हुए अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनमें बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही निराकरण कर तत्काल राहत प्रदान की गई।
इस दौरान शिविर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सीधा प्रसारण भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शिविर स्थल पर बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं हजारों ग्रामीणजनों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ देखा एवं सुना। प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान पूरे परिसर में विशेष ऊर्जा, उत्साह और गौरव का वातावरण दिखाई दिया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने शोभनाथ मंदिर की एक मनमोहक तस्वीर साझा करते हुए कहा कि प्रभास पाटन के तट पर स्थित सोमनाथ मंदिर श्रद्धा, भक्ति और भारत की सनातन संस्कृति का दिव्य एवं अमर प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पावन मंदिर सदियों से भारत की आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली केंद्र रहा है। अनेक बर्बर आक्रमणों, विदेशी हमलों और कठिन कालखंडों का सामना करने के बावजूद सोमनाथ मंदिर आज भी अडिग खड़ा है और पूरे देश को शक्ति, साहस तथा उम्मीद का संदेश देता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की अमर संस्कृति, अटूट विश्वास और आत्मबल का प्रतीक है, जो हर भारतीय को प्रेरणा प्रदान करता है। उनके उद्बोधन को सुनते हुए शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने गर्व और उत्साह का अनुभव किया।
सीधा प्रसारण के दौरान कई ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के संबोधन और सोमनाथ मंदिर की ऐतिहासिक महत्ता को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों का स्वागत करते हुए इसे भारतीय संस्कृति, आस्था और राष्ट्रीय गौरव से जोड़ने वाला प्रेरणादायी संदेश बताया। प्रधानमंत्री के इस प्रेरक संबोधन ने जनसमस्या निवारण शिविर के वातावरण को और अधिक उत्साहपूर्ण, प्रेरणादायी एवं जनजागरूकता से परिपूर्ण बना दिया।
इस जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम पंचायत अक्तवार, च्यूल, जूईली, राँपा, मैनपुर, दुधांसी, खमरौध, बड़वार, बेनीपुरा, केसौड़ा, बड़गांवकला, मनियारी, घघरा, भगवानपुर, बरहोरी, ओहनिया एवं सेमरिया के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे। सुबह से ही शिविर स्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। ग्रामीण अपनी समस्याओं, मांगों और आवेदनों के साथ शिविर में पहुंचे, जहां अधिकारियों ने गंभीरता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ उनकी समस्याएं सुनीं। कई मामलों का तत्काल निराकरण कर हितग्राहियों को मौके पर ही राहत प्रदान की गई, जबकि शेष आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में समाधान हेतु संबंधित विभागों को सौंपा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष माया प्रताप सिंह, जनपद उपाध्यक्ष हीरालाल मौर्य, जिला पंचायत सदस्य अनीता चौधरी, जनपद सदस्य श्रीमती दुर्गावती सिंह, श्रीमती सविता सिंह, धर्मपाल सिंह मरावी, मंडल अध्यक्ष नरेश यादव,हनुमान यादव, रविशंकर तथा अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों में उत्साह, प्रशासन के प्रति विश्वास और जनभागीदारी का सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।
इसके साथ ही भरतपुर की महिला रामायण मण्डली ने अपने भजन-कीर्तन के माध्यम से सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं ग्रामीण जनों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुति ने शिविर के वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। इसके पश्चात भरतपुर महिला रामायण मण्डली को जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित भी किया गया।
इस शिविर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, बिहान योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, समाज कल्याण विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य विभाग, पुलिस विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, आयुष विभाग, जल संसाधन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, क्रेडा तथा आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक एवं उपयोगी स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस शिविर में 341 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें बड़ी संख्या में आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत पहुंचाई गई। शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, जॉब कार्ड, राशन कार्ड एवं आधार कार्ड का वितरण भी किया गया। शासन की योजनाओं का लाभ सीधे हाथों-हाथ मिलने से ग्रामीणों में खुशी और संतोष का माहौल दिखाई दिया।
तत्पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन की नई कार्य संस्कृति स्थापित हुई है। अब शासन केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर आम जनता की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि “सुशासन तिहार 2026” संवेदनशील, जवाबदेह और जनहितैषी शासन व्यवस्था का सशक्त उदाहरण है।
वहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष माया प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इसके साथ ही जनपद उपाध्यक्ष हीरालाल मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि “सुशासन तिहार 2026” शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बन चुका है। आज प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका निराकरण कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
अपर कलेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं तथा लंबित मामलों का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में कसौड़ा सरपंच श्रीमती मीरा बाई, बड़वार सरपंच श्रीमती रामचरण बैगा, मैनपुर सरपंच अजय बहादुर सिंह, मनियारी सरपंच सुब्बालाल, सेमरिया सरपंच लालजीत सिंह, बरहोरी सरपंच गायत्री सिंह,  ओहनिया  सरपंच जयकरन सिंह, एसडीएम शशिशेखर मिश्रा, जनपद मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजय सिंह राठौर, तहसीलदार महेन्द्र कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here