-जगदलपुर पहुंचे योगी का किरण सिंह देव और मंत्री केदार कश्यप ने भी किया स्वागत =
अर्जुन झा/जगदलपुर। मध्य क्षेत्र परिषद की बैठक में भाग लेने जगदलपुर पहुंचे उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जगदलपुर के धर्मप्रेमी सनातनी महापौर संजय पाण्डेय ने आत्मीय और आध्यात्मिक स्वागत किया। संजय पाण्डेय के माथे पर लगे त्रिपुंड और उनकी बातचीत की शैली से प्रभावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संजय पाण्डेय की पीठ थपथपा कर उन्हें आशीर्वाद दिया।


जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भव्य स्वागत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और महापौर संजय पांडेय ने किया। विदित हो कि बस्तर से नक्सल समस्या को समाप्त करने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने जगदलपुर में मध्य क्षेत्र परिषद से जुड़े चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों की आज 19 मई को हाई लेवल बैठक बुलाई है। ये चारों राज्य भाजपा शासित हैं। इन राज्यों में से मध्यप्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री कल शाम से ही जगदलपुर पहुंच चुके हैं। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय लगातार तीन दिन से गृहमंत्री के साथ हैं। आज सुबह उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जगदलपुर पहुंच गए। यहां एयर पोर्ट पर योगी आदित्यनाथ का हुआ अभिनंदन देखने लायक था।
लोगों का सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहा योगी आदित्यनाथ और जगदलपुर के प्रखर सनातनी महापौर संजय पाण्डेय का मिलन। संजय पाण्डेय हमेशा अपने मस्तक पर त्रिपुण्ड लगाए रखते हैं।उनकी वेशभूषा और शैली को देख योगी आदित्य नाथ बेहद प्रभावित नजर आए। उन्होंने मुस्कुराते हुए संजय पाण्डेय का अभिवादन स्वीकार किया और मुस्कुराते हुए उनकी पीठ थपथपाई। यह दृश्य देख लोग अभिभूत हो उठे। वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने योगी आदित्य नाथ को झुक कर प्रणाम किया। वन मंत्री केदार कश्यप ने बड़ा गुलदस्ता भेंट कर योगी जी का स्वागत किया। कुल मिलाकर बस्तर के लिए यह पल अविस्मरणीय बन गया।








