Home चर्चा में मां दंतेश्वरी की पावन धरा बस्तर पहुंचे उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ...

मां दंतेश्वरी की पावन धरा बस्तर पहुंचे उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने किया भव्य आत्मीय स्वागत

14
0

-डॉ. यादव, पुष्कर सिंह धामी और मंत्री विजयवर्गीय का भी स्वागत 

जगदलपुर। प्राकृतिक सौन्दर्य, समृद्ध आदिवासी संस्कृति और लोक परम्पराओं से पोषित मां दंतेश्वरी की पावन भूमि बस्तर के प्रवास पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जगदलपुर आगमन हुआ। जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी विमानतल पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगवानी करते हुए उन्हें बस्तर की पारम्परिक कलाकृति और स्मृति चिह्न भेंट कर छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से उनका हार्दिक अभिनंदन किया। इस मौके पर श्री देव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ और विशेषकर बस्तर अंचल में विकास, सुशासन और जन-कल्याण के संकल्पों को और अधिक गति मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत के लिए मां दंतेश्वरी विमानतल पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। पारंपरिक बस्तरिया अंदाज और लोक संस्कृति की झलक के साथ अतिथि सत्कार किया गया। इस दौरान बस्तर संभाग के वरिष्ठ भाजपा नेता, स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधि तथा भारी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं मध्यप्रदेश सरकार के वरिष्ठ केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का भी मंगलवार को बस्तर पहुंचने पर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। श्री देव ने राष्ट्रीय व प्रादेशिक नेतृत्व का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और बस्तर विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। डबल इंजन सरकार के इस दौर में चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं का बस्तर आगमन दर्शाता है कि केंद्र और भाजपा नेतृत्व के लिए बस्तर का विकास और यहां की जनता का कल्याण सर्वोपरि है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here