Home चर्चा में कलेक्टर और जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर की मौजूदगी में ‘सुशासन तिहार’...

कलेक्टर और जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर की मौजूदगी में ‘सुशासन तिहार’ संपन्न; अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश

9
0

अब्दुल रफ़ीक खान/कोमाखान/पटपरपाली: विकासखंड बागबाहरा के ग्राम पंचायत पटपरपाली में आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ शिविर आम जनता की समस्याओं के निराकरण का बड़ा गवाह बना। इस विशेष जनसमस्या निवारण शिविर में महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लहंगे और जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भीखम ठाकुर , चुन्नी लाल साहू, दुबे लाल साहू, नितिन जैन, हिरेंद्र उपाध्याय, भीमा साहू, मूलचंद साहू, एवं सभी पंचायत के सरपंच मुख्य रूप से मौजूद रहे। शीर्ष अधिकारियों और क्षेत्र के कद्दावर जनप्रतिनिधि की उपस्थिति के कारण शिविर में सुबह से ही ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए खुद पढ़े आवेदन

शिविर के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भीखम ठाकुर का एक अलग और संवेदनशील रूप देखने को मिला। उन्होंने मंच पर आए ग्रामीणों के आवेदन पत्रों को खुद अपने हाथों में लेकर विस्तार से पढ़ा। ग्रामीणों की समस्याओं (जैसे राशन कार्ड, पेयजल और नाली निर्माण) की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने मौके पर ही मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को तलब किया और दो टूक शब्दों में निर्देशित करते हुए कहा कि जनता के इन जायज कामों में किसी भी प्रकार की लेत-लतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, इनका जल्द से जल्द समाधान निकाला जाए।

आंकड़ों की जुबानी: 1560 आवेदनों से गूंजा शिविर

जनपदों से जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, शिविर में कुल 1560 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए 169 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया। हालांकि, विशाल संख्या को देखते हुए 1391 आवेदन अब भी लंबित हैं, जिन्हें समय-सीमा के भीतर पूरा करने का जिम्मा संबंधित विभागों को सौंपा गया है।

पंचायत और महिला बाल विकास विभाग में सबसे ज्यादा हलचल

शिविर में बुनियादी ढांचे और ग्रामीण विकास को लेकर लोगों की मांगें सबसे ऊपर रहीं:

° पंचायत एवं ग्रामीण विकास: ग्रामीणों ने सबसे ज्यादा भरोसा इसी विभाग पर जताया, जहां रिकॉर्ड 999 आवेदन दर्ज किए गए (13 का निराकरण, 986 लंबित)।

° महिला एवं बाल विकास विभाग: इस विभाग ने शानदार काम करते हुए प्राप्त 166 आवेदनों में से 76 का तत्काल निपटारा कर महिलाओं और बच्चों को राहत दी।

° राजस्व विभाग: जमीन, नामांतरण और सीमांकन से जुड़े 133 आवेदन आए, जिनमें से 20 का मौके पर निराकरण हुआ।

° खाद्य विभाग (राशन कार्ड): राशन से संबंधित 107 आवेदन मिले।

इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग में 43 और पेयजल (PHE) से जुड़े 21 आवेदनों सहित बिजली और वन विभाग के मामलों पर भी अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट दर्ज की।

कलेक्टर ने भी दी सख्त हिदायत

मंच से ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि ‘सुशासन तिहार’ का उद्देश्य दफ्तरों के चक्कर काट रहे ग्रामीणों की समस्याओं को उनके गांव में ही हल करना है। उन्होंने मौके पर मौजूद सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि जितने भी 1391 लंबित आवेदन हैं, बिना किसी ढिलाई के त्वरित कार्यवाही की जाए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) जनपद पंचायत बागबाहरा द्वारा इस सफल आयोजन की पूरी रिपोर्ट जारी की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here