Home चर्चा में कुसमी में भूमि विवाद को लेकर युवक ने प्रशासन से लगाई गुहार,...

कुसमी में भूमि विवाद को लेकर युवक ने प्रशासन से लगाई गुहार, 7 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी

3
0

संवाददाता: युसूफ खान
कुसमी/बलरामपुर
कुसमी। नगर पंचायत कुसमी निवासी अमजद उर्फ जाकिर हुसैन ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक बलरामपुर, एसडीएम कुसमी एवं थाना प्रभारी कुसमी को लिखित शिकायत सौंपते हुए न्यायालय में लंबित भूमि विवाद मामले में पुलिस पर अवैध हस्तक्षेप एवं विपक्षी पक्ष को जबरन कब्जा दिलाने का गंभीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमजद ने अपने आवेदन में बताया है कि विपक्षी जरिफ अंसारी द्वारा उनकी पैतृक भूमि एवं घर के पीछे स्थित बाड़ी भूमि पर लगातार अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में केवल 01 डिसमिल भूमि उपयोग हेतु दी गई थी, लेकिन अब अतिरिक्त भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई है। यह मामला वर्तमान में सक्षम न्यायालय में विचाराधीन है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि लगभग दो माह पूर्व भी विपक्षी पक्ष द्वारा कथित रूप से जबरन कब्जा करने का प्रयास किया गया था तथा मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया था। इसकी सूचना थाना कुसमी में दी गई थी, लेकिन शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

आवेदक के अनुसार, 21 मई 2026 को सुबह लगभग 9 बजे विपक्षी पक्ष के 20-25 लोग उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए भय का माहौल बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे थाना कुसमी के एएसआई रमेश तिवारी, सिपाही चंदेल सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने बिना किसी न्यायालयीन आदेश के उनकी बात सुने बिना विपक्षी पक्ष को भूमि पर कब्जा दिलाने का प्रयास किया।
अमजद ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, विपक्षी पक्ष पर एफआईआर दर्ज करने, विवादित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने तथा उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

मामले को गंभीर रूप देते हुए आवेदक ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर संवैधानिक एवं वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, तो वह जिला कार्यालय परिसर में आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।
हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक प्रशासन अथवा पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत का क्या असर होता है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here