संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
बिल्हा समाधान शिविर में 102 आवेदन मिले, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
विधायक श्री कौशिक ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

बिलासपुर, 21 मई 2026/नगर पंचायत बिल्हा के मंडी प्रांगण में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर का आयोजन श्री धरमलाल कौशिक के मुख्य आतिथ्य तथा अपर मुख्य सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव मनोज पिंगुआ की उपस्थिति में संपन्न हुआ। शिविर में कुल 102 आवेदन प्राप्त हुए। विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने सभी मौजूद लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्रीश्री विष्णु देव साय के निर्देश पर सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन सीधे गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। क्रेडा के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि सुशासन तिहार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बना है। उन्होंने कहा कि शिविरों के जरिए ग्रामीणों एवं शहरी नागरिकों को त्वरित राहत और योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

अपर मुख्य सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव श्री मनोज पिंगुआ ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बना है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही आवेदनों का निराकरण कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आमजन से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने एवं अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु शिविरों में पहुंचने की अपील की। कार्यक्रम में हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना अंतर्गत हितग्राहियों को अधिकार पत्र भी प्रदान किए गए। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने शिक्षा, कृषि, पशु विभाग, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग आदि विभागों द्वारा लगाये गये शिविर का लाभ लिया।

शिविर में 5 हितग्राहियों को राशन कार्ड का वितरण, 2 हितग्राहियों को श्रम कार्ड, 2 हितग्राहियों को महिला एवं बाल विकास विभाग का लाभ मिला। 3 महिलाओं की गोद भराई रस्म संपन्न कराई गई। 27 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण, 3 हितग्राहियों को स्वामित्व योजना पट्टा एवं 62 लोगों ने अपना स्वास्थ्य जांच कराया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वंदना जेंड्रे, उपाध्यक्ष श्री सतीश शर्मा, जनपद पंचायत बिल्हा अध्यक्ष डॉ. रामकुमार कौशिक, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, सीसीएफ श्री मनोज पांडे एवं डीएफओ नीरज कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।








