गुरदीप सिंह –
कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर आईबीपी प्लांट के नीचे अहिरन नदी में बीते बुधवार की सुबह सैकड़ों मछलियां मृत देखी गई। बताया जा रहा है कि नदी में कुछ अज्ञात लोगों के विस्फोटक ज्वलनशील का प्रयोग कर मछलियों को शिकार करने की घटना को अंजाम दिया है। नदी में इस विस्फोट से काफी मात्रा में केमिकल निकला,जिस वजह से सैकड़ों मछलियों की मौत हो गई। सुबह आस पास के लोग जब नदी के किनारे पहुंचे तो नदी में मछलियां मृत अवस्था में दिखाई दी। इस घटना की जानकारी के बाद कॉलोनी वासियो में डर का माहौल है।दरअसल इसी स्थान से कॉलोनी में पानी की सप्लाई की जाती है।
दैनिक दिनचर्या के अलावा इस पानी को पीने के लिए भी कॉलोनीवासी इस्तेमाल करते है। ऐसे में कहीं पानी जहरीला ना हो गया यह भी जांच का विषय है। सूत्रों से पता चला है की इस घटना को देर रात असामाजिक द्वारा अंजाम दिया होगा। वहीं लोगों का यह भी कहना है कि इन मरे हुए मछलियों को यहां से तत्काल हटाया जाये, यदि कोई अगर इसे खाने के लिए भी ले गये तो केमिकल के प्रभाव से कही और कोई अनहोनी घटना ना हो जाए।








