बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
पूर्व सरपंच और वर्तमान सचिव पर सरकारी राशि डकारने का आरोप
नाराज ग्रामीण बोले- कागजों पर विकास, जमीन पर भ्रष्टाचार
जगदलपुर। विकासखंड बस्तर अंतर्गत ग्राम पंचायत कोलचूर में पंचायत के कार्यों में भारी वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच और वर्तमान सचिव पर मिलीभगत कर सरकारी राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। मामले को लेकर गांव में भारी नाराजगी का माहौल है और ग्रामीण लगातार जांच व कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत में बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य के नाम पर लगभग 4 लाख 90 हजार रुपए की स्वीकृति हुई थी, लेकिन जमीन पर निर्माण कार्य बेहद घटिया और अधूरा दिखाई दे रहा है। आरोप है कि करीब 4 लाख 50 हजार रुपए तक की राशि केवल कागजों में खर्च दिखाकर हड़प ली गई। गांव वालों का कहना है कि विकास कार्य सिर्फ फाइलों और दस्तावेजों में पूरे हो रहे हैं, जबकि हकीकत में पंचायत की स्थिति बदहाल है। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में कई अन्य निर्माण कार्यों में भी इसी तरह की अनियमितताएं सामने आ रही हैं। कहीं आधा-अधूरा निर्माण किया गया, तो कहीं बिना काम किए ही भुगतान निकाल लिया गया। लोगों का आरोप है कि पंचायत सचिव की लापरवाही और मनमानी के कारण शासन की योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही हैं। गांव के लोगों का कहना है कि अगर उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तो पंचायत में लाखों रुपए के घोटाले उजागर हो सकते हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी अब तक चुप्पी साधे बैठे हैं, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनपद पंचायत से मांग की है कि कोलचूर पंचायत के सभी निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर सरकारी राशि की वसूली की जाए। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कार्रवाई करता है या फिर भ्रष्टाचार की फाइलों पर धूल जमती रहेगी।
कराएंगे जांच
पंचायत से लगातार शिकायतें मिल रही हैं और सचिव के कार्यों में गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। जांच कराएंगे और जो लोग भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
-भानुप्रताप चुरेंद्र,
सीईओ, जनपद पंचायत बस्तर








