Home चर्चा में कोड़सा बीजापुर प्रतियोगिता-2026” का भव्य समापन सम्पन्न

कोड़सा बीजापुर प्रतियोगिता-2026” का भव्य समापन सम्पन्न

7
0
बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
डीआरजी बीजापुर ने फाइनल मुकाबले में कांकेर को हराकर जीता खिताब
बीजापुर पुलिस द्वारा आयोजित “कोड़सा बीजापुर प्रतियोगिता-2026” का सफलतापूर्वक समापन पुलिस लाइन खेल मैदान, बीजापुर में हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में डीआरजी बीजापुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांकेर की टीम को पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में कांकेर की टीम उपविजेता रही, वहीं डीआरजी बीजापुर-2 ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों द्वारा खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया गया, जिसकी दर्शकों एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा सराहना की गई ।
समापन कार्यक्रम में मुख्य रूप से रेंज पुलिस महानिरीक्षक श्री सुंदरराज पी., ओ.एस.डी. श्री कमलोचन कश्यप, डीआईजी केरिपु बल श्री बी0एस0नेगी, कलेक्टर बीजापुर श्री विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव एवं पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा श्री गौरव राय, डीएफओ बीजापुर श्री संदीप बलगा एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे । उपस्थित अधिकारियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
कोड़सा बीजापुर प्रतियोगिता-2026 का आयोजन दिनांक 25 मई 2026 से प्रारंभ होकर 27 मई 2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में 07 जिलों की डीआरजी टीमों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) एवं एसटीएफ की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के अंतर्गत 04 पूलों में प्रत्येक पूल की 03-03 टीमों के मध्य मुकाबले आयोजित किए गए। सेमीफाइनल मैच 26 मई 2026 को खेले गए, जबकि फाइनल मुकाबला 27 मई 2026 को सम्पन्न हुआ।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं तथा समाज में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि “कोड़सा” बीजापुर का अर्थ नव अंकुरित पौधा है। जिस प्रकार एक नया पौधा विकसित होकर मजबूत वृक्ष बनता है, उसी प्रकार जिला बीजापुर एवं पूरा क्षेत्र अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी सकारात्मक सोच एवं जनसहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here