कोरबा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर नगर निगम कॉलोनी स्थित श्री श्री 108 श्री महामृत्युंजय मंदिर में 1 जून 2026 से 7 जून 2026 तक सात दिवसीय सामूहिक महामृत्युंजय मंत्र जाप एवं दशांश हवन अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया। यह धार्मिक आयोजन श्री दिगंबर अखिलेश पुरी जी महाराज, दशनाम नागा संन्यासी, श्री पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के कृपापात्र एवं मंदिर पुरोहित पंडित श्री नागेश्वर पुरी गोस्वामी जी के मार्गदर्शन एवं सान्निध्य में तथा समस्त श्रद्धालु भक्तों के सहयोग से संपन्न हो रहा है।
आयोजकों के अनुसार इस विशेष अनुष्ठान में सामूहिक रूप से सवा लाख (1,25,000) महामृत्युंजय मंत्र जाप तथा दशांश हवन का आयोजन किया जा रहा है। पुरुषोत्तम मास में भगवान शिव की उपासना, महामृत्युंजय मंत्र जाप एवं रुद्राभिषेक का विशेष महत्व माना गया है। शास्त्रों के अनुसार इस पावन काल में किए गए जप, तप एवं पूजा-अर्चना से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है तथा जीवन में सुख, शांति, आरोग्य एवं आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।
मंदिर पुरोहित पंडित श्री नागेश्वर पुरी गोस्वामी जी ने बताया कि महामृत्युंजय मंत्र भगवान शिव का अमोघ मंत्र माना गया है। इसके जप से रोग, भय, संकट एवं ग्रहबाधाओं की शांति के साथ-साथ मानसिक एवं आध्यात्मिक बल की प्राप्ति होती है। अनुष्ठान में श्रद्धालुओं के नाम एवं गोत्र से विशेष संकल्प लेकर मंत्र जाप एवं हवन किया जा रहा है।
यह सात दिवसीय अनुष्ठान 1 जून से 7 जून 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से प्रारंभ हो रहा है तथा संध्या आरती सायं 6:30 बजे संपन्न हो रही है। अनुष्ठान की पूर्णाहुति एवं दशांश हवन 7 जून को संपन्न होगा।
श्रद्धालुओं ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान से पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण का संचार हो रहा है। आयोजन में क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में सहभागिता कर रहे हैं तथा भगवान महामृत्युंजय से विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं आरोग्य की कामना कर रहे हैं।








