Home चर्चा में सेंट्रल जेल में खूनी खेल: बैरक के भीतर बंदी की बेरहमी से...

सेंट्रल जेल में खूनी खेल: बैरक के भीतर बंदी की बेरहमी से हत्या, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल

7
0

बिलासपुर संवाददाता – योगेंद्र राठौर

बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल में हुई एक सनसनीखेज हत्या ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। जेल के ई-1 बैरक में बंद एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे पूरे जेल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल है।
मृतक की पहचान कोटा थाना क्षेत्र के दबनपुर निवासी नीलू जगत के रूप में हुई है, जो नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में न्यायिक हिरासत के तहत जेल में बंद था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी हत्या नाली के स्लैब से सिर कुचलकर की गई है। हत्या की वारदात इतनी भयावह थी कि बैरक में मौजूद अन्य बंदी भी दहशत में आ गए।
जानकारी के मुताबिक, जिस ई-1 बैरक में यह घटना हुई, वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बंदियों के लिए आरक्षित है। हत्या का आरोप राजेश राय नामक बंदी पर लगाया जा रहा है, जो मुंगेली जिले के चमारी गांव का निवासी है और तिहरे हत्याकांड के मामले में पिछले करीब 17 वर्षों से जेल में बंद है। बताया जा रहा है कि राजेश राय भी मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन, पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पूरे बैरक को सील कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर कड़ी सुरक्षा वाले सेंट्रल जेल के भीतर इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेल के भीतर हत्या में इस्तेमाल किया गया भारी स्लैब बंदी के हाथ कैसे लगा? क्या बैरक में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी? क्या जेल प्रशासन को पहले से किसी विवाद या खतरे की जानकारी थी? इन तमाम सवालों के जवाब अब जांच के बाद ही सामने आएंगे।
इस घटना ने एक बार फिर जेलों में बंद कैदियों की सुरक्षा, मानसिक रूप से अस्वस्थ बंदियों की निगरानी और जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जेल प्रशासन भी अपनी ओर से घटना की आंतरिक जांच करा रहा है।

“जेल की सलाखों के पीछे कत्ल… सुरक्षा के दावों पर खून के छींटे!”
बिलासपुर सेंट्रल जेल में हुई यह वारदात अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here