रिपोर्ट-खिलेश साहू
धमतरी विधायक ओंकार साहू ने मंगलवार को ग्राम पोटियाडीह में नवनिर्मित सार्वजनिक शेड निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सार्वजनिक शेड के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
लोकार्पण कार्यक्रम के उपरांत विधायक साहू ने वीरांगना रानी दुर्गावती के शहादत दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर उन्हें श्रद्धा फुलर अर्पित की। उन्होंने दुर्गावती चौक, धमतरी में आयोजित समारोह में पहुंचकर रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा उनके अद्वितीय शौर्य, त्याग और बलिदान को नमन किया। इसके पश्चात ग्राम डोमा एवं ग्राम करेठा में आयोजित शहादत दिवस कार्यक्रमों में भी शामिल होकर समाजजनों के साथ वीरांगना रानी दुर्गावती को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर विधायक ओंकार साहू ने कहा कि रानी दुर्गावती भारतीय इतिहास की अमर वीरांगना हैं, जिनका जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने अपने पराक्रम और वीरता से इतिहास में अमिट पहचान बनाई तथा नारी शक्ति के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि समाज को रानी दुर्गावती के आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा, एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में कार्य करना चाहिए। कार्यक्रमों में उपस्थित लोगों ने भी वीरांगना रानी दुर्गावती के जीवन एवं योगदान को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन के पदाधिकारी, ग्रामीणजन, युवा एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।








