संवाददाता – प्रदीप द्विवेदी
सूरजपुर, 24 जून 2026। भारतीय जनता पार्टी जिला सूरजपुर द्वारा कांग्रेस शासन के दौरान लगाए गए आपातकाल के 51 वर्ष पूर्ण होने पर जिला भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कमलभान सिंह पूर्व सांसद थे। उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि 25 जून 1975 का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में काले अध्याय के रूप में दर्ज है, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने के लिए पूरे देश पर आपातकाल थोप दिया था।
श्री पटेल ने कहा कि आपातकाल के दौरान देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की भावना तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों का खुलेआम हनन किया गया। विपक्षी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और लोकतंत्र की आवाज उठाने वाले हजारों लोगों को जेलों में बंद कर दिया गया। प्रेस पर सेंसरशिप लगाकर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचलने का प्रयास किया गया तथा देश में भय और दमन का वातावरण निर्मित किया गया।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आपातकाल के उन संघर्षों और बलिदानों को सदैव स्मरण रखती है, जिनकी बदौलत देश में लोकतंत्र की पुनर्स्थापना हुई। आज की युवा पीढ़ी को भी यह जानना आवश्यक है कि किस प्रकार कांग्रेस ने सत्ता के अहंकार में लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना को आघात पहुंचाया था। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और राष्ट्रहित की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
कमलभान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। वहीं कांग्रेस आज भी अपने अतीत के उन कृत्यों पर आत्ममंथन करने के बजाय जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आपातकाल की घटनाएं केवल इतिहास का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक स्थायी चेतावनी भी हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए श्री कमलभान कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियां लोकतंत्र की महत्ता को समझ सकें और किसी भी प्रकार की तानाशाही प्रवृत्ति के प्रति सजग रहें।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष संत सिंह जी कार्यक्रम की अध्यक्षता की ,शशिकांत गर्ग जिला महामंत्री भाजपा,शैलू अग्रवाल नगर पंचायत उपाध्यक्ष ,प्रदीप द्विवेदी जिला सह मीडिया प्रभारी,दीपेंद्र चौहान नगर पंचायत उपाध्यक्ष,बल्लू गोयल आर्थिक प्रकोष्ठ ,पवन मिश्रा,पवन साहू सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
अंत में उपस्थित पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया गया।








