विमल सोनी –
बिलासपुर जिले की कोटा पुलिस ने खेत समतलीकरण (लेवलिंग) के नाम पर किसान से 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी और जबरन वसूली करने वाले 6 अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। खास बात यह है कि गिरफ्तार सभी आरोपी रतनपुर के चर्चित बकरी चोरी मामले में भी पहले से गिरफ्तार हैं।
क्या है पूरा मामला?
23 जून 2026 को श्रीपारा, थाना कोटा निवासी रामनारायण पोर्ते ने कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात लोगों ने खेत समतलीकरण कराने का झांसा देकर उनसे 9 लाख रुपये ले लिए और बाद में फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर कोटा पुलिस ने अपराध क्रमांक 524/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
ऐसे खुला ठगी का राज
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इसी गिरोह के सदस्य रतनपुर थाना के बकरी चोरी मामले में पहले से गिरफ्तार हैं। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपियों से पूछताछ की।
पूछताछ में सभी आरोपियों ने किसान से खेत समतलीकरण के नाम पर 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
🔹 बबलू खान (57), जिला जबलपुर (मध्य प्रदेश)
🔹 अमूर खान (66), जिला जबलपुर (मध्य प्रदेश)
🔹 अमीन खान (41), जिला जबलपुर (मध्य प्रदेश)
🔹 हबीब खान (35), जिला जबलपुर (मध्य प्रदेश)
🔹 शाहरुख खान (22), जिला जबलपुर (मध्य प्रदेश)
🔹 मोहम्मद अच्छन (33), जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश)
9 लाख रुपये जब्त
पुलिस ने आरोपियों से धोखाधड़ी से वसूले गए 9 लाख रुपये भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की सतर्कता से मिली सफलता
यह कार्रवाई ‘चेतना विरुद्ध नशा व चेतना अभियान’ के तहत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई। मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में कोटा पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई l








